जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो बदमाशों समेत चार लोगों की मौत हो गई। गोला क्षेत्र में सड़क हादसे में मरे दो युवकों की पहचान शातिर अपराधी के तौर पर हुई है, जिन पर कई थानों में दर्जनों मुकदमें दर्ज हैं। जबकि मितौैली क्षेत्र में एक युवक और धौरहरा क्षेत्र में एक किशोर की मौत हुई है।
हादसा-1
लूट को अंजाम देकर भागे बदमाशों की मौत
गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर रोड स्थित रजौरा गांव के मोड़ के पास रविवार की रात करीब 12 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जिनकी पहचान इनामी बदमाशों के तौर पर हुई है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की तलाशी ली तो हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी 28 वर्षीय प्रदीप कुमार तिवारी उर्फ डब्बू के पास से 315 बोर तमंचा, तीन जीवित कारतूस और कंधरापुर निवासी इंद्रपाल से लूटा हुआ पर्स मिला। दूसरे मृतक की पर्स में मिले आधारकार्ड से 27 वर्षीय सोनू मिश्रा निवासी रामनगर कालोनी कुइयां महोलिया थाना बंडा जिला शाहजहांपुर के रूप में पहचान हुई।
कंधरापुर निवासी इंद्र्रपाल को रविवार रात लगभग 11 बजे ज्ञान डेयरी के पास रेलवे क्रॉसिंग पर दोनों बदमाशों ने तमंचे की बटों से पीटा था और नकदी लूट ली थी। बदमाशों के पास हरे रंग की बाइक थी। पुलिस का अनुमान है कि दोनाें बदमाश इस घटना के बाद किसी अन्य घटना को अंजाम देना चाहते थे, जिसके लिए जाते समय अज्ञात वाहन से टकराकर दोनों की मौत हो गई। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। बताते हैं कि यह लोग कांशीराम आवास कॉलोनी में किसी के यहां घटना को अंजाम देने के बाद शरण लेते थे। इनके आतंक से हैदराबाद और गोला पुलिस परेशान थी। डब्बू तिवारी के पिता राजकुमार तिवारी की सूचना पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे में मारे गए सोनू मिश्रा के भाई आशुतोष ने बताया है कि सोनू चार दिन पहले घर से निकला था। रविवार को उससे बात हुई थी, उसने सोमवार को घर लौटने की बात कही थी। सोनू की शादी हो चुकी थी, जिससे उसका एक बच्चा भी हैै।
डब्बू का लंबा था आपराधिक इतिहास
गोला गोकर्णनाथ। सड़क दुर्घटना में मरे प्रदीप तिवारी उर्फ डब्बू पर हैदराबाद, गोला और नीमगांव थानों में 18 मुकदमें दर्ज थे। ममरी संवाददाता ने बताया हैै कि प्रदीप तिवारी उर्फ डब्बू के खिलाफ हैदराबाद थाने में भी आठ मुकदमे दर्र्ज हैं। गोला कोतवाल एके उपाध्याय ने बताया कि इसके खिलाफ अब तक 18 मुकदमे दर्ज होने का रिकार्ड मिला है।
सोनू पर भी दर्ज संगीन धाराओं में मुकदमे
सड़क दुर्घटना में मारे गए प्रदीप के साथी सोनू मिश्रा का भी अच्छा खासा अपराधिक इतिहास बताया जा रहा है। सोनू पर सीतापुर जिले के थाना हरगांव में कई मुकदमे दर्ज हैं। जबकि शाहजहांपुर और पीलीभीत में भी कई मुकदमें दर्ज होने की सूचना हैै।
कुछ दिन पहले जमानत पर छूटा था डब्बू
प्रदीप तिवारी उर्फ डब्बू गंभीर आरोपों में काफी समय से जेल में निरुद्ध था। मृतक के पिता राजकुमार तिवारी ने बताया कि बेटी उमा की पांच जून को शादी है, जिसकी तैयारियों के लिए डब्बू की जमानत कराई थी। वह 27 अप्रैल 2015 को जमानत पर छूटकर घर आया था। उन्होंने बताया कि रविवार को डब्बू गोला में टेंट की बुकिंग के लिए गया था। खास बात यह है कि डब्बू के साथी सोनू के बारे में जानकारी होने से परिवार वालों ने इंकार किया हैै।
हादसा-2
वाहन की टक्कर से साइकिल सवार किशोर ने जान गंवाई
धौरहरा। सिसैया मार्ग पर चफरिया पुल के पास साइकिल से खेत पर पिता को खाना देने जा रहे किशोर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। गांव लालापुरवा निवासी शरीफ का 13 वर्षीय पुत्र रेहान खेत में कामकर रहे पिता को साइकिल से खाना देने जा रहा था। रास्ते में चफरिया पुल के पास सिसैया तरफ से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे एसएसआई अमर सिंह और एसआई राजेश्वर त्रिपाठी ने घायल रेहान को सीएचसी धौरहरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों की सहमति से पुलिस ने पंचनामा भर कर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
चफरिया पुल बना हादसों का हब
धौरहरा। बीते कई दिनों से लगातार चफरिया पुल के पास हादसे हो रहे हैं। पहले तो दो बारातों के वाहन आपस में टकराए थे, जिसमें चार की मौत हो गई थी और 25 लोग घायल हुए थे। रविवार को इसी जगह पर रमियाबेहड़ निवासी अरविंद पाल का तीन वर्षीय बेटा अभिकर्ष हादसे में मौत का शिकार हुआ था। सोमवार को किशोर रेहान हादसे का शिकार बन गया है।
हादसा-3
दुर्घटना में एक मरा, तीन घायल
मितौली। थाना क्षेत्र में अलग-अलग हुए हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्र के गांव दतेली निवासी छत्रपाल का 27 वर्षीय पुत्र दिनेश किसी काम से बाइक से जा रहा था। रास्ते में सीतापुर रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दिनेश ने दम तोड़ दिया।
कस्बा फत्तेपुर में दो बाइकों की टक्कर में एक महिला और दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मितौली में भर्ती कराया गया है। बताते हैैं कि नसीम निवासी ईसानगर से फत्तेपुर की ओर आ रहा था। वहीं दूसरी बाइक औरंगाबाद निवासी परवेज अपनी मां गुड्डी और बहन रहनुमा के साथ मितौली की तरफ जा रहा था। पुलिस को नसीम निवासी ईसानगर की जेब से 15 हजार रुपये मिले, जिसे पुलिस ने अपने पास सुरक्षित रख लिया है।