तत्कालीन नायब तहसीलदार की पत्नी की तहरीर पर हुई कार्रवाई
पति गैर मौजूदगी में घर पहुंच गाली, गलौज करने का है आरोप
अध्यक्ष बोले, आरोप निराधार, पत्नी को आगे कर कराया मुकदमा
पुलिस ने यहां तैनात रहे एक नायब तहसीलदार की पत्नी की तहरीर पर पलिया बार एसोसिएशन अध्यक्ष श्रीष द्विवेदी व एक अन्य अधिवक्ता के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोप है कि आरोपी एक आदेश को लेकर उनके घर पहुंचेेेे और नायब की गैर मौजूदगी में गाली गलौज कर जाति सूचक शब्द कहे। हालांकि इस बाबत एसोसिएशन अध्यक्ष श्रीष द्विवेदी का कहना है कि एक पत्रावली को ढाई महीने से नायब टरका रहे थे, जिस पर वह नायब के घर गए थे। नायब से उनकी बातचीत जरूर हुई, लेकिन उन्होंने पत्नी को आगे बेबुनियाद आरोप लगाए हैं, जो पूर्णतया निराधार है। उधर दूसरे आरोपी दीपक पांडे ने भी आरोपों को निराधार बताया है।
तत्कालीन नायब तहसीलदार घनश्याम भारती की पत्नी अर्चना भारती ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि सात अप्रैल वर्ष 2017 शाम सात बजे जब नायब की तैनाती यहीं थीं तब उनके घर पर पलिया बार एसोसिएशन अध्यक्ष श्रीश द्विवेदी और दीपक पांडे आए और दरवाजा खटखटाया। वह बाहर निकलीं तो पति के बारे में पूछा। इस पर उन्होंने बताया कि पति घर पर नहीं हैं। इसके बाद दोनों लोग उनके पति का नाम लेते हुए जाति सूचक गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर उनको व बच्चों को जान से मारने की धमकी देते हुए अभद्रता की। आवासीय परिसर में करीब दो घंटे तक घूमते हुए गाली गलौज करते रहे। किसी से फोन पर बात कर कह रहे थे कि नायब से कह देना कि पत्रावली पर आज ही आदेश कर दें वर्ना अंजाम बुरा होगा। पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर पलिया बार एसोसिएशन अध्यक्ष श्रीश द्विवेदी और दीपक पांडे के खिलाफ गाली गलौज, धमकी की रिपोर्ट एससीएसटी एक्ट के तहत दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।