सदर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर शहर के संकटा देवी के वार्ड मेंबर कुमुदेश शंकर शुक्ला समेत चार लोगों पर अपहरण, मारपीट, गाली-गलौज, अमानत में खयानत आदि कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कोर्ट में दी गई अर्जी में शांतिनगर निवासी रज्जन प्रसाद ने आरोप लगाया है कि 10 अगस्त 2013 की शाम कुमुदेश शंकर शुक्ला, संकटा देवी मोहल्ले के ही रहने वाली महिला अनार कली, रमाकांत और कृष्ण कुमार उसके घर पर आए और उससे गाली-गलौज और मारपीट की। रज्जन प्रसाद का आरोप है कि ये लोग किसी बात को लेकर उससे रंजिश मानते हैं और इन लोगों ने 50 हजार रुपये के जेवर, पांच हजार रुपये नगद और उसकी पत्नी को गायब कर दिया है। रज्जन ने इस बाबत कई बार पुलिस से कार्रवाई की मांग की लेकिन जब किसी ने ध्यान नहीं दिया तो उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। शहर कोतवाल प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि यह मामला एक साल पुराना है, अभी तक वादी को उसकी पत्नी नहीं मिली है, ऐसे में छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।