कोतवाली क्षेत्र के नामदारपुरवा में दो लोगों की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में दो डॉक्टरों के पैनल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उनके डूबने की पुष्टि हुई है। कुछ दिन पहले दोनों मृतकों के परिवारवालों ने एक-दूसरे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
नामदारपुरवा निवासी 40 वर्षीय कमलेश गौतम का शव मंगलवार की देर शाम बुढिय़ा नाले के पास मिला था। मृतक के पिता बाबूराम ने गांव के ही रामू, शिवप्रसाद और होली के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं लहबड़ी के 45 वर्षीय राधे का शव पड़ोस ही धान के खेत में मिला था। मृतक की पत्नी राधिका ने कमलेश के पिता बाबूराम, मधुर और छत्रपाल के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया था। दो लोगों की मौत की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पैनल से पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडिओग्राफी भी कराई गई थी। पैनल में शामिल डॉक्टर एसके सिंह और डॉक्टर सतीश कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों की मृत्यु डूबने से हुई है। पोस्टमार्टम में दोनों के शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं मिले। कोतवाल विजय प्रताप यादव के मुताबिक दोनों शराबी प्रवृति के थे। संभवत शराब के नशे में गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि फिर भी अभी मामले की जांच की जा रही है।