नीमगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात बदमाशों ने ईंट भट्ठे के मजदूरों को बांधकर जेवर और नगदी लूटने के बाद उनकी पिटाई की। पीड़ित मजदूरों ने पुलिस ने तहरीर दी है, लेकिन पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है।
रोशननगर के ग्राम प्रधान आसिफ रियाज के ईंट भट्ठे पर गांव के अशफाक, इदरीश और गोला निवासी राजेंद्र ईंट पथाई का काम करते हैं। रात में सभी अपने परिवारों के साथ अलग-अलग छप्परों में सो रहे थे। तभी बदमाशों ने राजेंद्र के घर धावा बोला और परिवार को बांधकर नगदी और कुंडल लूट लिये। राजेंद्र को तमंचे की नोंक पर लेकर बदमाश अशफाक और इदरीश के घर में दाखिल हुए। बदमाश अशफाक की पत्नी के टप्स और इदरीश की पत्नी की पायल और नगदी लूट कर फरार हो गए। वहीं एसओ बृजेंद्र यादव ने बताया कि यह मामला लूट का नहीं बल्कि भट्ठे से मजदूरों को भगाने का लगता है।