रिपोर्ट दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
प्राचार्य बोले, मुझे फंसाया जा रहा है
एक राजकीय महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य विनय शर्मा पर कॉलेज की एक एक छात्रा ने बुधवार की शाम बंधक बनाकर दुराचार की कोशिश करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि वह प्राचार्य के आवास पर ट्यूशन पढ़ने गई थी। पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर प्राचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी प्राचार्य का कहना है कि साजिश के तहत उनको फंसाया जा रहा है।
राजकीय महाविद्यालय की बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा ने बताया कि वह प्राचार्य विनय शर्मा का आवास एक मकान में दूसरी मंजिल पर है। वह आवास पर ट्यूशन पढ़ने आती है। आरोप है कि प्राचार्य ने आठ मार्च की शाम करीब 5.17 बजे उसे और कुछ अन्य छात्रों को थ्यौरी प्रेक्टिकल करवाने के लिए बुलाया था, लेकिन सभी छात्रों को कमरे में न बुलाकर सिर्फ उसे ही अंदर बुला लिया। जब वह कमरे में पहुंची तो प्राचार्य उस पर दबाव बनाने लगे और फेल करने की धमकी देते हुए अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जब उसने विरोध किया तो जबरदस्ती उसके कपड़े उतारने लगे। मना करने पर दुराचार की कोशिश की और वीडियो बनानी शुरू कर दी। उसने जब शोर मचाया तो निचले तल पर खड़ी साथी छात्र-छात्राएं और आसपास के लोग ऊपर आ गए। लोगों ने दरवाजे का ताला तोड़ कर उसकी अस्मत बचाई और बाहर निकाला। आरोपी प्राचार्य को सभी लोग लेकर कोतवाली पहुंचे और पूरी घटना बताई। पुलिस ने पीड़ित छात्रा की ओर से बंधक बनाकर दुराचार के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया। एसओ पीके झा ने बताया कि पुलिस ने गुरुवार को आरोपी प्राचार्य का चालान कर छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा है। इधर प्राचार्य का कहना है कि उनको साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उन्होंने कुछ भी ऐसा नहीं किया है।
-------
डिग्री कालेज के प्राचार्य के खिलाफ प्रदर्शन, दिया ज्ञापन
पलियाकलां। डिग्री कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य द्वारा एक छात्रा को बंधक बनाकर बलात्कार करने के प्रयास को लेकर भाजयुमो जिलामंत्री उदयवीर सिंह के नेतृत्व में भाजयुमो एवं विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में दिया है। जिसमें जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। इस दौरान राजीव शुक्ला, वरुण मिश्रा, विद्यार्थी परिषद नगर मंत्री कुलदीप कश्यप, सह विधानसभा प्रभारी रवि शुक्ला, आशुतोष शुक्ला, रामप्रकाश भास्कर, मनु तिवारी, संतोष कश्यप, मनोज गुप्ता, रवि मौर्या, बादल शुक्ला, किशन सिंह, अखिल शुक्ला, राजकुमार श्रीवास्तव, शैलू, सुभाष कश्यप, राहुल कश्यप, अरविन्द राणा, अर्जुन आदि कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।