पेट फटने से बच्चा बाहर निकला, भर्ती
ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आने से बाइक सवार गर्भवती महिला की दबकर मौत हो गई। हादसे के समय महिला का पेट फटने से नवजात भी बाहर आ गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव अग्गरखुर्द गांव निवासी 35 वर्षीय करिश्मा अपने पती सहीद के साथ मंगलवार दोपहर बाइक से सुंदरवल में रहने वाली ननद के यहां जा रही थी। इनके साथ पांच वर्षीय पुत्र अरबाज भी था। भीरा-पलिया हाईवे पर बसैगापुर चौराहे के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे गर्भवती महिला ट्रैक्टर के पहिए के नीचे दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान पेट फटने से महिला का सात माह का नवजात बाहर आ गया। सूचना पर सुंदरवल चौकी पुलिस और परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। नवजात को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया। चौकी इंचार्ज अवधेश यादव ने बताया कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है। हादसे से कुछ देर हाईवे भी बाधित रहा।