पुलिस ने आरोप को बताया निराधार, प्रधान की शह पर बालू खनन की कही बात
हुआ हंगामा, एसओ पलिया ने पहुंचकर संभाला
इलाके के मझगईं चौकी क्षेत्र के बबौरा गांव में उस समय हंगामा मच गया। जब पुलिस ने अवैध खनन की सूचना पर वहां पहुंचकर पूछताछ शुरू की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अभद्रता करते हुए ग्राम प्रधान पर रिवाल्वर तान दी। इससे हंगामा होने लगा। सूचना पर पहुंचे एसओ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं पुलिस ने रिवाल्वर तानने की बात से इंकार किया है।
बबौरा गांव के प्रधान भूमिसरण ने बताया कि उसका खेत विष्णुपुर में हैं जहां से उपयोग के लिए एक ट्राली मिट्टी उसने अपने मिलने वालों से कहकर निकालने के लिए कहा था। इसके बाद रामलखन आदि उसके खेत से मिट्टी निकालकर लाने लगे। आरोप है कि इस दौरान चौकी इंचार्ज और एक सिपाही मौके पर पहुंच गए और पैसों की मांग करने लगे। पैसा देने से इंकार करने पर गुस्साए चौकी इंचार्ज ग्राम प्रधान के पास पहुंच गए और अभद्रता करते हुए रिवाल्वर तान दी। जिसके बाद ग्रामीण भड़क गए और वहां पर हंगामा होने लगा। इसकी सूचना पर एसओ विपिन कुमार सिंह दलबल के साथ वहां पहुंचे और मामले को शांत कराया। इस बाबत एसओ विपिन कुमार सिंह ने बताया कि वह व्यक्ति बालू खनन कर ला रहा था जिसकी सूचना पर पुलिस पहुंची थी, रिवाल्वर तानने वाली बात गलत है। उन्होंने बताया कि प्रधान अपराधी किस्म का है तथा उस पर कई मुकदमे चल रहे हैं इसीलिए उच्चाधिकारियों से मामलेे को अवगत करा दिया गया है, निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर मझगईं चौकी इंचार्ज अजय शर्मा ने बताया कि प्रधान की शह पर बालू खनन हुआ था तथा पूछताछ करने पर उल्टा वह दबंगई दिखाने लगा, जिसके बाद पलिया एसओ को इसकी सूचना दे दी गई थी।