मौके से 14 पशु, छुरी और तलवार बरामद
रिपोर्ट दर्ज कर तीनों आरोपियों का भेजा चालान
गांव कौरेया मुफरत के पास पुलिस ने घेराबंदी कर हत्या को ले जाए जा रहे 14 गोवंशीय पशुओं को बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तलवार और एक छुरी बरामद की है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
एसओ तपेश्वर सागर ने बताया कि रविवार को मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ लोग हत्या करने के लिए गोवंशीय पशु लेकर गांव कौरेया मुफरत की ओर जा रहे हैं। इस पर वह एसआई मुसाफिर प्रताप, सिपाही उदयभानु यादव और मिहीलाल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घेराबंदी कर थाना नीमगांव के गांव नगरा टांडा निवासी कलीम, नबीहसन और फरधान थाना क्षेत्र के गांव बम्हनियारपुर निवासी विजय को दबोच लिया, जबकि थाना मितौली के गांव नीबा टांडा निवासी फूलखान मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से 14 पशु, एक छुरी और एक तलवार बरामद किया है। पशुओं को ग्रामीणों की सुपुर्दगी में देकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।