भीरा पुलिस ने शुक्रवार को कुकरा रोड पर किया गिरफ्तार
शुक्रवार को एक बार फिर भीरा इलाके में प्रतिबंधित पशु मांस पकड़ा गया। इस दौरान पुलिस टीम ने पांच बाइकों पर सवार महिला समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है, साथ ही उनके पास से डेढ़ क्विंटल से ज्यादा पशु मांस भी बरामद किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है।
शुक्रवार को भीरा पुलिस ने सूचना पर कुकरा रोड पर घेराबंदी कर छह बाइक सवार संदिग्ध नजर आ रहे लोगों को रोककर पूछताछ की तो वे कुछ सकपकाए, रोके गए लोगों में एक महिला भी शामिल थी। पूछताछ के दौरान उक्त लोगों ने गलत जानकारी देनी चाही। इस पर पुुलिस ने उनके पास मौजूद बैग एवं बाइक की गहनता से जांच की तो उनके पास गोवंशीय पशु का मांस बरामद हुआ। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। हिरासत में लिए गए लोगों में थाना मैलानी के सलेमपुर निवासी मो. हबीब एवं उसकी पत्नी परवीन, रिजवान, गोंधिया निवासी अजीम, फरधान थाने के रुकंदीपुर निवासी वारिस अली एवं गोला के भुड़वारा निवासी शीबू शामिल हैं। बरामद हुए मांस को पुलिस मथुरा लैब को जांच के लिए भेज रही है, शेष मांस को नष्ट कर दिया गया है। पुलिस टीम में राम खिलाड़ी यादव, एसआई सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबिल मोहित पांडेय एवं प्रिंस कुमार शर्मा शामिल थे।
--
दो दिन पहले सोनारीपुर में ग्रामीणों ने पकड़ा था पशु तस्कर
बिजुआ। थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित पशु तस्करी के मामले लगातार होने से लोगों में गुस्सा है। बुधवार रात को पड़रिया तुला की गो रक्षा समिति के सदस्यों के साथ ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पशु तस्करी के मामले का खुलासा किया था, इस दौरान ग्रामीणों ने एक पशु तस्कर को भी पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द किया था। ग्रामीणों के घेराबंदी के दौरान सोनारीपुर का युवक संदिग्ध रूप से गोली लगने से घायल हुआ था। ग्रामीण का आरोप था कि भीरा पुलिस लापरवाही करती रही, नही तो कई और तस्कर भी पकड़े जाते । घेराबंदी के दौरान ग्रामीणों ने 24 से ज्यादा जानवर भी छुड़ाए थे।