खीरी थाना क्षेत्र के शंकरपुर चौराहा के पास हुआ हादसा
सिसैया की ओर से लखीमपुर आ रही रोजवेज की अनुबंधित बस ने शंकरपुर चौराहा के पास पहले बाइक में टक्कर मारी। बाद में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक बाइक मोहल्ला महाराजनगर निवासी सौरभ डारोलिया की मौत हो गई, जबकि उनका साथी घायल हो गया। इसके अलावा बस में सवार छह यात्री घायल हो गए। सभी घायलों के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसा शनिवार को दिन में करीब 11.30 बजे हुआ। सिसैया चौराहा की ओर से रोडवेज की अनुबंधित बस सवारियां लेकर लखीमपुर की ओर आ रही थी। इधर से शहर के मोहल्ला महाराजनगर निवासी एसके डारोलिया का 25 वर्षीय पुत्र सौरभ डारोलिया अपने मैकेनिक मोहल्ले के ही संजय को बाइक पर बैठाकर खमरिया के भसडिया चौराहा स्थित अपनी बाइक एजेंसी पर जा रहे थे। रास्ते में शंकरपुर के पास सामने से आ रही रोडवेज की बस ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे सौरभ डारोलिया और संजय घायल हो गए। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई। जिससे बस में सवार थाना ईसानगर के गांव इसवारा निवासी 60 वर्षीय जगदंबा सहित छह यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से सौरभ डारोलिया, संजय और जगदंबा को जिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टर ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को उनके परिवार वालों ने अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है।