पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए महिला अस्पताल भेजा
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार शाम शौच के लिए गई 18 साल की युवती के साथ दो लोगों ने दुराचार किया। किसी तरह उनके चंगुल से छूटने के बाद घर पहुंची युवती ने परिजनों को आपबीती सुनाई। शुरू में लोक लाज के डर से पुलिस के पास जाने से हिचक रहे घरवालों ने आपस में बात कर पुलिस के पास जाने का फैसला किया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक गांव के व्यक्ति ने बताया कि उसकी बेटी रविवार शाम गांव के बाहर गन्ने के खेत में शौच के लिए गई थी। वहां पहले से घात लगाए बैठे उसी के समुदाय के दो युवकों ने उसकी बेटी को दबोच लिया और सामूहिक दुराचार किया। घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए। युवती के पिता ने बताया कि जब उन्होंने बेटी को बदहवास स्थिति में देखा तो उससे पूछताछ की। उसने जो बताया उसे सुनकर हम सब सहम गए। पहले बदनामी के डर से उन्होंने मामले को दबाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में परिवार वालों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़ित की ओर से गांव के ही मोहम्मद आरिफ और नफीस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पीड़ित का मेडिकल परीक्षण जिला महिला अस्पताल में कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ धौरहरा हरिराम वर्मा ने कोतवाल दिनेश मिश्रा के साथ आरोपियों की तलाश में छापामारी की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे।