थाना क्षेत्र के गांव समैसा में दो दिन पहले अपनी ससुराल आए युवक का शव संदिग्ध हालात में गांव के बाहर पेड़ से लटकता मिला। पुलिस नेे शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खीरी थाना क्षेत्र के गांव सकेथू निवासी 22 वर्षीय विशंभर दयाल की शादी समैसा गांव में मनीराम की पुत्री मीरा से हुई थी। बताते हैं सावन के शुरुआती दिनों में मीरा अपनी एक माह की पुत्री के साथ मायके समैसा गांव आई थी। इस बीच उसकी पुत्री की तबियत खराब हो गई, जिसकी सूचना पर विशंभर दो दिन पहले उसे देखने आया था। रविवार की दोपहर विशंभर का शव गांव के बाहर सहाबुद्दीन के खेत में लगे पेड़ से लटकता मिला। इसकी सूचना पर गांव के तमाम लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। इसके बाद एसओ रामकुमार यादव भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। इस मामले में ग्रामीणों से पूछताछ के बाद भी पुलिस कोई तथ्य नहीं जुटा पाई है। एसओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों की सही जानकारी हो पाएगी।