सदर कोतवाली पुलिस ने ऑटोलिफ्टर गैैंग का भंडाफोड़ करते हुए बड़ा खुलासा करने में सफलता हासिल की है। गैंग के तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने 14 बाइक बरामद की हैैं। इसके अलावा गढ़ी रोड स्थित एक गोदाम से भारी मात्रा में बाइक के पार्ट्स बरामद किए हैं, जो चोरी की बाइक को काटकर अलग किए गए हैं। पकड़े गए तीनों अभियुक्त मूल रूप से पड़ोसी जनपद सीतापुर के निवासी है, जो यहां किराए पर रहकर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। एसपी अरविंद सेन ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
शहर से प्रतिदिन बाइक चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए एसपी अरविंद सेन के निर्देश पर पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। सदर कोतवाली में खुलासा करते हुए एसपी अरविंद सेन ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम एलआरपी चौकी के पास वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर की सूचना के आधार पर एक बाइक सवार को रोका गया। पूछताछ में वाहन चालक की पहचान देवकली रोड सुभाषनगर निवासी सलीम के तौर पर हुई। गाड़ी के कागज न मिलने पर उसने स्वीकार किया कि उसने बाइक चुराई थी। इसके साथ ही दूसरे ऑटोलिफ्टर महेंद्र पाल शर्मा निवासी नगरहिया थाना इमलिया सुल्तानपुर जिला सीतापुर हाल पता कमलापुर शिव कॅालोनी को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से भी चोरी की बाइक बरामद हुई। पूूछताछ में दोनों ने बताया है कि शहर से बाइक चोरी कर अयोध्यापुरी निवासी जितेंद्र गुप्ता के हाथ बेच देते थे, जहां बाइक को काटकर पार्ट्स को अलग-अलग करके बेचने का काम होता था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों ऑटोलिफ्टरों की निशानदेही पर जितेंद्र गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसकी दुकान और गोदाम से चोरी की 14 बाइक, एक स्कूटर, एक स्कूटी के पार्ट्स, बाइक की पांच चेचिस, आठ इंजन, 18 साइलेंसर, 16 हैंडिल, 24 अगले शॉकर, 14 पिछले शॉकर, तीन एलाय व्हील, 14 तेल की टंकियां, 12 नंबर प्लेट, 10 लेग गार्ड आदि सामान बरामद हुआ है। तीनों अभियुक्तों ने चोरी में शामिल अन्य साथियों के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
ऑटोलिफ्टर गैंग का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह यादव के साथ ही एसएसआई रामऔतार यादव, एसआई सूर्यमणि यादव, एसआई राजबली सिंह, कांस्टेबल संजय शर्मा, विजय शर्मा, अमित कुमार चौधरी, राधेकृष्ण, मोहम्मद आरिफ शामिल रहे।