कोटवारा मार्ग के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर
एक बाइक पर बिना हेलमेट सवार थे तीन लोग
लखीमपुर रोड पर कोटवारा मार्ग के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक बाइक पर सवार तीन लोगों में से एक की मौत हो गई और दो गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राहगीरों के अनुसार बाइक पर सवार तीनों लोगों ने हेलमेट नही लगाया था।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव सौरैया निवासी जसकरन लाल (45) अपने पुत्र सत्येंद्रपाल (22) के साथ बाइक से देर शाम गोला कोतवाली के गांव लाल्हापुर निवासी हलवाई संतराम को उसके घर छोड़ने जा रहे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। जब उनकी बाइक कोटवारा मार्ग के पास पहुंची सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। तीनों बाइक सहित गिरकर गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीरावस्था में घायलों को गोला सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टरों ने जसकरन लाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके पुत्र को प्राथमिक उपचार के बाद सुधार न होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि तीसरे घायल संतराम को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। राहगीरों के अनुसार बाइक पर सवार तीनों लोगों ने हेलमेट नही लगाया था। परिवार वालों का कहना है कि जसकरन लाल की भांजी की शादी थी इसलिए उन्होंने उन्होंने हलवाई को बुलवाया था, जिसे वह छोड़ने जा रहे थे।