शहर से सटे गांव भंसड़िया स्थित एनआरआई के सत्यराम गर्ल्स हाईस्कूल में 18 दिन पहले हुई डकैती के मामले का कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच के संयुक्त प्रयास से खुलासा हो गया है।
पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से असलहे, 25 हजार रुपये और लूटा गया सामान बरामद कर लिया। इसके अलावा दो अन्य बदमाशों को पुलिस ने चिह्नित कर लिया है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई विदेशी घड़ी, चश्मा, कपड़े बरामद किए हैं, जिनकी पहचान वादी एनआरआई महिला ने की है।
डकैती का खुलासा करने वाली टीम को एसपी अखिलेश कुमार चौरसिया ने 17 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की हैै।
दो नवंबर 2015 की रात को आधा दर्जन बदमाशों ने भंसड़िया गांव में कनाडा निवासी अप्रवासी भारतीयों द्वारा निर्माणाधीन सत्यराम गर्ल्स हाईस्कूल में डाका डाला था, जिसमें एनआरआई एवं ट्रस्टी शोभना नंदी, उनकी रिश्तेदार गुड़गांव निवासी शुभलक्ष्मी को घायल कर बदमाशों ने 90 हजार की नकदी, सोने की चेन समेत सामान लूटा था।
मामला एनआरआई से जुड़ा होने और गृह मंत्रालय के सक्रिय होने पर एसपी अखिलेश चौरसिया ने एएसपी एपी सिंह और सीओ सिटी एमपी सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम लगाई थी।
एसपी ने बताया कि बदमाशों ने बेहद शातिराना अंदाज में इस वारदात को अंजाम दिया था, जिसमेें बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने पहले अपने मोबाइल बंद कर लिए थे। फिर भी सर्विलांस की मदद से टीम ने बदमाशों की एकसाथ लोकेशन ट्रेस कर ली, जिसके आधार पर टीम ने बृहस्पतिवार की मध्य रात्रि को देवकली रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
इनकी पहचान भंसड़िया निवासी अंकित उर्फ चिंपू, फरधान के गांव बहेरवा निवासी पवन वर्मा और मोहल्ला गोकुलपुरी निवासी शिवम गुप्ता के तौर पर हुई है। तीनों बदमाशों के पास से पुलिस ने तमंचे, कारतूस और 25 हजार रुपये बरामद किए। जबकि इनकी निशानदेही पर लूटा गया काला चश्मा, कपड़े, विदेशी घड़ी बरामद हुई। टीम में एलआरपी चौकी इंचार्ज मनोज कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी परशुराम ओझा, प्रभारी सर्विलांस प्रमोद कुमार सिंह एवं उनके हमराही शामिल रहे।