बसही बार्डर पर तीन जवान घायल
कंचनपुर और धनगढ़ी में नेपालियों ने किए प्रदर्शन
नेपाली झंडे लहराए, भारत विरोधी नारेबाजी की
भारतीय सीमा में घुसकर फिर गाड़ा नेपाली झंडा
रबर की गोलियां और मिर्ची बम छोड़ एसएसबी ने धकेला
भारत सीमा के पिलर संख्या दो सौ बसही के पास नेपालियों द्वारा एक पुलिया को बनाने को लेकर बढ़ा तनाव थमता नहीं दिख रहा है। शुक्रवार को हजारों की तादाद में नेपाली फिर बसही बार्डर पर नेपाल की ओर कंचनपुर इलाके में विवादित स्थल पर आ धमके और प्रदर्शन कर पथराव किया, फिर भारत विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी। इतना ही नहीं वह नोमेंसलैंड पार कर भारतीय सीमा में भी घुस आए और नेपाली झंडा गाड़ दिया। एसएसबी को उनको पीछे ढकेलने के लिए रबर की गोलियां और मिर्ची बम चलाने पड़े। तब नेपाली पीछे भागे, लेकिन नोमेंस लैंड पर ही रुक गए। वह वहां से दिनभर रुक-रुक कर पथराव करते रहे। एसडीएम, एसएसबी कमांडेंट वहीं जमे हुए हैं। उधर गौरीफंटा बार्डर पर धनगढ़ी शहर से शुक्रवार को फिर नेपालियों ने जुलूस निकला और बाजार बंद कर दी। उन्होंने गौरीफंटा बार्डर तक आने की कोशिश की, लेकिन नेपाली पुलिस के रोके जाने पर उन्होंने भंसार पर लगा बैरियर तोड़ डाला। हालात को देखते हुए यहां एसएसबी का भारी बल तैनात किया गया है। डीएम और नेपाल के अधिकारियों में वार्ता भी चल रही है।
मालूम हो कि बुधवार की रात नेपाली जिला कंचनपुर के गांव के लोग भारत नेपाल सीमा के पिलर संख्या दो सौ बसही गांव के पास एक पुलिया का निर्माण कर रहे थे। यह निर्माण दोनों देशों की सहमति पर रुकवाया जा चुका है, क्योंकि यहां सीमा निर्धारण के तहत यह स्थान नोमेंस लैंड पर आ रहा था। रुकवाए जाने के बाद भी बुधवार को निर्माण गुपचुप तरीके निर्माण के कारण बवाल हो गया था। शाम को दोनों देशों के अधिकारियों के बीच हुई वार्ता बाद मामला निपट गया था, लेकिन शुक्रवार की सुबह होते ही हजारों की तादाद में नेपाली फिर जुट गए और पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद नेपाली भारतीय सीमा में घुस आए और नेपाली झंडा गाड़ दिया। यह देख एसएसबी ने रबर की गोलियां चलाईं और मिर्ची बम छोड़े जिससे नेपालियों की भीड़ पीछे तो हुई लेकिन नोमेंसलैंड नहीं छोड़ा। वह रुक-रुक कर पथराव करते रहे। उधर नेपाल के कैलाली जिले में भारत विरोधी नारों के साथ जुलूस निकाला और बाजार बंद करा कर भारतीय बार्डर की ओर आने कोशिश की गई। जिसे कैलाली पुलिस ने कामयाब नहीं होने दिया तो गुस्साए नेपालियों ने भंसार का बैरियर का गेट तोड़ डाला। खबर मिलते ही गौरीफंटा बार्डर पर एसएसबी और पुलिस बल तैनात कर दिया गया। डीएम आकाशदीप और एसपी मनोज कुमार झा भी एसएसबी अधिकारियों संग पहुंच गए हैं और कैलाली के अधिकारियों से उनकी वार्ता चल रही है। माहौल तनावपूर्ण बनी हुई है। उधर नेपालियों ने बिलौरी बाजार भी बंद रखा।
ये एसएसबी जवान हुए घायल
नेपाल की ओर से हुए पथराव में बसही बार्डर पर तैनान एसएसबी के तीन जवान प्रभाकर, नितीश कुमार भारद्वाज और इंद्रजीत घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।