होटल तो कभी रेलवे स्टेशन पर बिताई रात
आठ दिन बाद मिहींपुरवा में मिला लापता
चीनी लेने के लिए साइकिल से आ रहे 16 वर्षीय अमित से घर से मिले पांच सौ रुपये का नोट रास्ते में गिर गया। इससे वह दहशत में आ गया। उसके दिलोदिमाग में इस बात का डर इस कदर बैठ गया कि वह घर पहुंचकर यह बात बताएगा तो उसे मार पड़ेगी। इसी वजह से वह मिहींपुरवा (बहराइच) चला गया। वहां होटल पर मजदूरी की और रेलवे स्टेशन तो कभी होटल में सोकर रात गुजारी। मंगलवार को वह रेलवे स्टेशन पर ही उसकी तलाश में पहुंचे उसके घर वालों को मिल गया।
बतादें कि ग्राम मुंजहा निवासी ओमप्रकाश का पुत्र अमित दो अप्रैल को साइकिल से तिकुनियां चीनी खरीदने आया था, लेकिन वह नहीं लौटा। पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को घर के लोग उसकी गुमशुदगी के पोस्टर और पंफलेट रेलवे स्टेशनों पर चस्पा करने के लिए ट्रेन से निकले। मिहींपुरवा रेलवे स्टेशन पर पंफलेट चस्पा करने के दौरान उनकी नजर बेंच पर बैठे अमित पर पड़ी। उसे देख परिवार के लोग खुशी से उछल पड़े। समझा बुझाकर उसे घर लाए। घर पहुंचे अमित ने सारा वाकया बताया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी रहीश अहमद ने बताया कि गमुशुदा किशोर के पिता ने अमित के मिहींपुरवा रेलवे स्टेशन से मिलने की सूचना दी है, जिसे दर्ज कर लिया गया है।