पुत्री से छेड़छाड़ और जबरन हाथ पकड़कर खींचने की शिकायत लेकर चौकी गए पिता को ही पुलिस ने वहीं बैठा लिया। उसे सोमवार की देरशाम पुलिस ने छात्रा और उसकी मां की तमाम मिन्नतों के बाद छोड़ा, लेकिन अब तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं की, इससे छात्रा के घरवाले परेशान हैं।
गौरतलब है कि चौकी क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय कक्षा दस की छात्रा कस्बे के एक स्कूल में सोमवार की सुबह पढ़ने जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में एक युवक ने पहले अश्लील हरकतें की और बाद में छात्रा का हाथ पकड़कर खींचने लगा । शोर मचाने पर वह भाग गया। घरवालों ने जब इसकी शिकायत की तो आरोप है कि उसने घर में घुसकर छात्रा और उसकी मां को पीटा। छात्रा के पिता चौकी पुलिस को तहरीर देने गए तो पुलिस ने उन्हें ही चौकी में बैठा लिया। देरशाम छात्रा और उसकी मां की मिन्नतों पर पुलिस ने उसे छोड़ा। मंगलवार को पीड़िता ने रोते हुए बताया कि आरोपियों पर कार्रवाई न कर उसके पिता को ही चौकी में बैठा लिया गया। उधर पीड़िता के स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाध्यापक घर पहुंचे और पूरी जानकारी ली। उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।