कोतवाली क्षेत्र के रमियाबेहड़ में एक घर में घुसे प्राइवेट कंपनी के मोबाइल टावर के वाचमैन को घरवालों ने चोरी के आरोप में घर में बंद कर बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसकी हालत बिगड़ते देख जिला अस्पताल भेज दिया, जहां से डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया है।
रमियाबेहड़ निवासी अलाउद्दीन का आरोप है कि प्राइवेट कंपनी के मोबाइल टावर पर काम कर रहा 35 वर्षीय नसीर निवासी कस्बा धौरहरा रात में चोरी की नियत से घर में घुस आया। जिसे गृहस्वामी अलाउद्दीन ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। आरोपी नासिर के शरीर पर धारदार हथियार से प्रहार करने के भी निशान हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने उसे सीएचसी रमियाबेहड़ भेजा। जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल और यहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। कफारा चौकी प्रभारी शमसेर बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भेजकर पूरे मामले की छानबीन कराई जा रही है।