रोडवेज पुलिस चौकी के पास हुई वारदात, रिपोर्ट दर्ज
मोबाइल शोरूम से सोमवार रात चोर करीब पांच लाख का सामान चोरी कर ले गए।
मोहल्ला इस्लामनगर गोटैय्या निवासी मोहम्मद जावेद का मोबाइल शोरूम रोडवेज बस अड्डे के पास दूसरी मंजिल पर है। इस मार्ग पर रात भर आवागमन रहता है। शोरूम मालिक मोहम्मद जावेद ने बताया कि सोमवार की देर शाम करीब पौने नौ बजे शोरूम बंद कर घर चले गए। रात में किसी समय चोरों ने जेक लगाकर शटर तोड़ दिया और उसके अंदर घुस गए। चोर दुकान में रखे करीब 150 पीस कीमती स्मार्ट फोन और 60 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। दुकान में रखे अन्य कई कंपनियों के सस्ते मोबाइल को चोरों ने छुआ तक नहीं। उन्होंने बताया कि चोरी गए मोबाइल सोमवार को ही खरीदकर लाए गए थे। घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह तब हुई जब रोज की तरह उनके भाई मोहम्मद आरिफ दुकान खोलने पहुंचे। शटर टूटा देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर एएसपी दीपेंद्र कुमार चौधरी, एसएसआई जयप्रकाश यादव रोडवेज चौकी इंचार्ज रामदास वर्मा के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएसआई ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मोबाइल शोरूम में चोरी होने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट के एक्सपर्ट ने फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए। इस दौरान दुकान के अंदर मिले जूते, उंगलियों आदि के निशान मिले।
सेंध लगाकर हजारों का सामान उड़ाया
मैगलगंज। गांव मुबारकपुर निवासी बनवारी ने बताया कि सोमवार रात में चोरों ने घर में सेंध लगा दी और घर में रखे बक्से उठा ले गए। बक्से में 10800 रुपये, जेवर, कपड़े आदि थे। मंगलवार की सुबह घर वाले सोकर उठे और जब कमरे में गए तो चोरी होने की जानकारी हुई। सूचना पर तमाम लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। उन्होंने बताया कि कुछ दूर खेत से खाली बक्से बरामद हुए हैं। उन्होंने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
मोबाइल शॉप से हजारों की चोरी
संसारपुर। पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर भगतपुर निवासी मुकेश कुमार की मोबाइल की दुकान है। सोमवार की रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ दिया और दुकान में रखी 33,500 रुपये की नकदी समेत हजारों का सामान चोरी कर लिया। दुकान स्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
इलेक्ट्रानिक्स की दुकान से लाखों का उड़ाया माल
पलियाकलां। मोहल्ला सुभाष नगर निवासी राजकुमार वर्मा की पुराना बस स्टैंड पर इलेक्ट्रानिक्स की दुकान है। सोमवार रात चोरों ने शटर के दोनों ताले और सेंट्रल लॉक तोड़कर अलग-अलग एंपियर की एमसीबी, तार, एलईडी बल्व, सीएफएल, रिचार्ज कूपन समेत एक लाख से ज्यादा का माल पार कर दिया। चोरी की जानकारी दुकान मालिक को सुबह हुई। राजकुमार के मुताबिक चोरों को इलेक्ट्रानिक सामान के बारे में जानकारी थी, इसलिए कीमती सामान ही ले गए हैं। तहरीर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। व्यापारी ने नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष अनूप मिश्र, चांद कुमार जैन, जफर अहमद टीटू आदि के साथ प्रभारी कोतवाल केएन सिंह से मुलाकात कर घटना के खुलासे की मांग की है। लोगों में चोरियों का सिलसिला न रुकने से रोष व्याप्त है।