छोटी बहन के साथ घर में थी पीड़ित
मेडिकल परीक्षण में रेप की पुष्टि, हालत स्थिर
कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र में कक्षा चार की छात्रा के साथ एक 21 वर्षीय युवक ने दुराचार किया। छात्रा गांव के बाहर बनी अपनी झोपड़ी में छोटी बहन के साथ थी जबकि उसके माता-पिता मजदूरी करने गए थे। आरोपी ने उसकी छोटी बहन को 20 रुपये देकर टॉफी लेने के बहाने गांव भेज दिया और उसके संग दुष्कर्म कर भाग निकला। हालत गंभीर होने पर पीड़ित को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में हालत में सुधार होने पर छुट्टी दे दी गई। मेडिकल परीक्षण में पीड़ित के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट मिली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घटना गुरुवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई। पीड़ित के पिता ने बताया कि उसने अपनी झोपड़ी गांव से बाहर खेत में बना रखी है। वह अपनी पत्नी के साथ मजदूरी करने चला गया। घर पर उसकी क्रमश: आठ साल और पांच साल की पुत्रियां थीं। पड़ोसी गांव निवासी उनकी बिरादरी का ही मुल्लू पहले से ही घर पर आता-जाता था। मुल्लू दिन में करीब साढ़े तीन बजे उसके घर आया और पुत्री से पूछा कि तुम्हारे पापा-मम्मी कहां गए हैं। हमें उनसे मिलना था। पुत्री ने उनके मजदूरी पर जाने की बात कही। इस पर आरोपी ने छोटी पुत्री को 20 रुपये दिए और गांव में टॉफी लेेने भेज दिया। इसके बाद बड़ी पुत्री संग रेप किया। जब वह चिल्लाई से जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग निकला। कुछ देर बाद टॉफी लेकर घर लौटी छोटी बहन को उसने माता-पिता के पास भेजा। वह जब अपनी पत्नी के साथ घर लौटा तो पुत्री की हालत देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने मां को पूरी घटना बताई।
बच्ची के साथ दरिंदगी होने की खबर पर गांव के कई लोग भी मौके पर पहुंच गए। माता-पिता गंभीर हालत में बच्ची को लेकर कोतवाली पहुंचे और घटना की तहरीर पुलिस को दी। बच्ची जब कोतवाली पहुंची तो उसकी हालत गंभीर थी। जिस पर पुलिस ने उसे तुरंत जिला महिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया। हालत खतरे से बाहर होने पर डॉक्टर ने पीड़ित को छुट्टी दे दी।
बालिका की हालत ठीक है। आरोपी के खिलाफ रेप और पाक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में छापेमारी की गई थी, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ नहीं लगा है। मेडिकल रिपोर्ट में बालिका के नाजुक अंग पर गंभीर चोट मिली है।
-एलडी भारती, सीओ, मोहम्मदी
दरिंदगी से पीड़ित बच्ची के परिवार में खौफ
घटना बताते कांप उठते हैं माता-पिता
पहले भी आरोपी दूसरी छात्रा से कर चुका है छेड़छाड़
पैतृक गांव से काफी दूर खेत में झोपड़ी डालकर रह रहे पीड़ित बालिका के माता-पिता में आरोपी और उसके परिवार के लोगों का खौफ इस कदर है कि वह घटना को बताने की हिम्मत भी नहीं जुटा पा रहे हैं। कुरदने पर डरे-सहमे माता-पिता ने घटना बयां की।
पीड़ित के पिता के पास करीब दो बीघे जमीन है। उसने बताया कि कम जमीन में गुजर बसर न होने के कारण वह अपनी पत्नी के साथ मजदूरी करते हैं। वह गांव से बाहर अपने ही खेत में झोपड़ी डालकर पत्नी और दोनों बच्चों के साथ रहता है, जबकि परिवार के अन्य लोग गांव में रहते हैं।
उसका कहना है कि उसकी झोपड़ी आरोपी के गांव से करीब 500 मीटर दूर है। आसपास कोई घर नहीं हैं। उसे आशंका है कि अकेला घर होने के कारण आरोपी और उसके परिवार के लोग कभी भी उसे मार सकते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 13 साल पहले आरोपी मुल्लू स्कूल में भी एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर चुका है, लेकिन तब छात्रा के परिवार वालों ने समझौता कर लिया था।