शहर के मोहल्ला मिश्रापुरम निवासी आटो चालक अरविंद कुमार शुक्ला (36) पांच जुलाई से घर नहीं लौटा है। खोजबीन के बाद भी चालक का सुराग नहीं लगा घरवालों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी हैै। लापता चालक के काशीनगर निवासी भाई अरुण कुमार ने अपहरण की आशंका जताई है। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
मिश्रापुरम निवासी अरविंद कुमार शुक्ला मूल रूप से सीतापुर जिले के हरगांव थाना के गांव पोखरा का निवासी है। वह करीब 10 सालों से अपना मकान बनाकर लखीमपुर में रह रहा हैै। अरविंद अपना निजी आटो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। पत्नी गायत्री शुक्ला के मुताबिक रविवार की सुबह वह आटो लेकर निकले थे, जिसके बाद घर नहीं लौटे। रात में न लौटने पर परिवार वालों ने अरविंद की खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन कहीं पता नहीं चला। हालांकि साथी आटो चालकों ने रविवार को आखिरी बार तीन बजे देखे जाने की बात कही है। परिवार वालों के मुताबिक वह रेलवे स्टेशन से सवारियां बैठाकर महेवागंज, खीरी टाउन, लालपुर बैरियर आदि स्थानों पर छोड़ने जाता था। घटना वाले दिन चालक अपना मोबाइल भी घर पर भूल गया था। लिहाजा पुलिस के सामने भी लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी होगी। कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आटो चालक के लापता होने के मामले में गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
युवक लापता
गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र के गांव बजीरनगर निवासी रंजीत कुमार लापता हो गया है। परिवार वाले उसकी खोजबीन कर रहे हैं। रंजीत कुमार की पत्नी सुशीला देवी ने एसडीएम को दिए प्रार्थनापत्र में कहा है कि 27 जून को उसका पति घर से लगड़ा ग्रंट अपने साढ़ू गुरुबचन लाल के यहां गया था। वहां जब वह नहीं पहुंचा तो परिवार वाले परेशान हो गए। उन्होंने रिश्तेदारी सहित तमाम जगह खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका है।