अमेठी। फर्जी तरीके से दस्तावेज और आईडी प्रूफ तैयार कर दूसरे के नाम की जमीन बेचने वाला गिरोह कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने गिरोह के छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनका चालान न्यायालय भेज दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
स्थानीय तहसील के गांव टिकरी निवासी राजेंद्र सिंह की सूचना पर सक्रिय कोतवाली पुलिस ने फर्जी तरीके से दस्तावेज व आईडी प्रूफ तैयार कर दूसरे के नाम की जमीन बेचने वाले गिरोह के छह सदस्यों को शहर स्थित एक रेस्टोरेंट से गिरफ्तार कर लिया। मौके से राजेंद्र सिंह के पुत्रों के नाम का फर्जी आधार कार्ड और एक इकरारनामा भी पुलिस के हाथ लग गया। बताते चलें कि टिकरी निवासी राजेंद्र सिंह को जमीन बिकवाने वाले एक दलाल ने उनके ही गांव में जमीन बिकने की जानकारी दी।
राजेंद्र को जब उस भूमि का गाटा नंबर बताया गया तो वह उनकी जमीन का निकली। इसके बाद राजेंद्र ने उनकी जमीन बेचने वाले की तलाश शुरू की। राजेंद्र ने विक्रेता को शहर स्थित एक रेस्टोरेंट में बुलाया और पूरे प्रकरण की जानकारी सीओ अमेठी आरके चतुर्वेदी और एसओ मोहम्मद हमीद को दे दी। होटल पहुंची पुलिस ने सभी को फर्जी दस्तावेज के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में इनकी पहचान खैराबाद सुल्तानपुर निवासी इकबाल अहमद, नबाबगंज इलाहाबाद निवासी राजू सिंह, शक्ति सिंह, विकास सिंह, विशेषरगंज थाना संग्रामपुर निवासी काजू शर्मा और मनोज शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने राजेंद्र सिंह की तहरीर पर पकड़े गए सभी छह जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज कर सभी का चालान न्यायालय भेज दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एसओ मोहम्मद हमीद ने बताया कि पकड़े गए लोगों का बड़ा रैकेट है। आरोपियों को न्यायालय से रिमांड पर लेकर गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।