भीरा थाना क्षेत्र के एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या बता रही है।
थाना भीरा क्षेत्र के ग्राम रामालक्ष्मणा निवासी नरेश मौर्य के 23 वर्षीय पुत्र बबलू मौर्य का शव गांव के बाहर एक खेत में पेड़ से लटकता मिला। घटना की सूचना पाकर भीरा पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद शव को पेड़ से उतरवाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि बबलू जुआं खेलने के साथ शराब का भी आदी था। जुएं में वह काफी कुछ हार चुका था, इस वजह से पहले भी उसने कई बार आत्महत्या की कोशिश की थी। मंगलवार की शाम वह बिना कुछ बताए घर से बाइक लेकर निकला था, लेकिन रात में घर वापस नहीं पहुंचा। सुबह जब परिवारीजनों ने तलाश शुरू की तो उसका शव खेत में एक पेड़ से लटकता मिला। भीरा एसओ नर्देश्वर तिवारी ने बताया कि परिवारीजनों ने तहरीर दी है। मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। ब्यूरो