मेंथा ऑयल का कारोबार शुरू होते ही बहराइच और सीतापुर के व्यापारी एक बार फिर धौरहरा क्षेत्र में बदमाशों के निशाने पर आ गए हैं। बाइक से कारोबार करने वाले इन व्यापारियों को बदमाशों का गिरोह लगातार अपना शिकार बना रहा है। एक ही हफ्ते में व्यापारियों से लूट की दो घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस ने दोनों घटनाओं पल्ला झाड़ लिया। इससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।
धौरहरा क्षेत्र में मेंथा की खेती बड़े पैमाने पर होती है। इससे सैकड़ों किसानों की रोजी-रोटी जुड़ी है। मेंथा ऑयल खरीदने के लिए पड़ोसी जनपद बहराइच और सीतापुर से व्यापारी बाइक से क्षेत्र के गांवों में किसानों के पास पहुंचते हैं। बदमाशों को इन व्यापारियों की सटीक मुखबिरी होती है, जिससे लगता है कि पहले से ही उन्हें चिह्नित किया गया हो। घटना होने पर जब भी पीड़ित मेंथा व्यापारी थाने पहुंचता है तो पुलिस के तमाम सवाल उसे और परेशान कर देते हैं। व्यापारी के बार-बार कहने के बावजूद उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी जाती। पिछले हफ्ते क्षेत्र में दो वारदातों में चार मेंथा व्यापारी लूटे गए, जिनसे करीब एक लाख की नकदी और 50 लीटर मेंथा ऑयल लूट लिया गया। पहली वारदात कफारा पुलिस चौकी क्षेत्र के टेकीकुंडा पुलिया पर बहराइच के मोतीपुर थाना अंतर्गत गांव गिरगिट्टी निवासी कमलेश कुमार और उसके साथी रामरतन के साथ घटी। दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। तभी पांच बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों ने ओवर टेक कर उन्हें घेर लिया और 27 हजार नकद और 25 लीटर मेंथा ऑयल लूटकर फ रार हो गए। दूसरी घटना मंगलवार को धौरहरा के मनिहार वार्ड निवासी व्यापारी मनोज उर्फ कपिल और उनके साथी दीपक के साथ घटी। दोनों नामदारपुरवा से लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने 35 लीटर मेंथा ऑयल और 65 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। दोनों वारदातों में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
कोतवाल धौरहरा विजय प्रताप यादव ने बताया कि दोनों घटनाओं में शामिल बदमाशों को ट्रेस कर लिया गया है, जल्द ही एफआईआर दर्जकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।