थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव में एक विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला है। विवाहिता के पिता ने पति और सास पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। इस पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से विवाहिता के घर के लोग फरार हैं।
थाना क्षेत्र के गांव अख्तियारपुर निवासी पप्पू कुमार की पत्नी मैना देवी (35) का शव मंगलवार की शाम ग्रामीणों ने घर में लटकता देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और मृतका के पिता थाना क्षेत्र के सुरजनपुर गांव निवासी छोटेलाल को दी। मृतका के पिता छोटे लाल ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी मैना की शादी वर्ष 2002 में पप्पू के साथ की थी। शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज भी दिया था लेकिन शादी के बाद से ही मैना के पति समेत सास, ससुर और दहेज की मांग करते आ रहे थे। इसकी शिकायत पूर्व में पुलिस से की गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार की शाम मैना की सास और पति ने मैना को मारने-पीटने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या बनाने के लिए शव को रस्सी का फंदा बनाकर छत के कुंडे से लटका दिया। पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए ईसानगर थाने में पति और सास के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ ईसानगर शिवानंद यादव ने बताया मृतका के पिता छोटेलाल की तहरीर पर सास और पति पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल की निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।