पति से हुए विवाद से नाराज थी महिला
पति से हुए विवाद से नाराज कोतवाली तिकुनियां के गांव बनवीरपुर निवासी शिवकुमार की पत्नी 35 वर्षीय मीरा देवी ने शनिवार की शाम खुद पर मिट्टी का तेल डाल लिया और आग लगा ली, जिससे वह झुलस गई। घर वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई।
गांव बनवीरपुर के ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी शिवकुमार और उसकी पत्नी मीरा के बीच शनिवार की शाम किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे नाराज मीरा ने शाम करीब साढ़े छह बजे खुद पर मिट्टी का तेल डाल लिया और आग लगा ली। चीखपुकार होने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बमुश्किल उसे बचाया। हालांकि इस दौरान घर में भी आग लग गई, लेकिन लोगों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ। इधर आग से झुलसी मीरा को परिवार वाले पहले पीएचसी, इसके बाद निघासन सीएचसी लाए, जहां से डॉक्टर ने लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रविवार की सुबह मीरा ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। उधर मृतका के पति का कहना है कि पत्नी गैस पर खाना बना रही थी। इसी बीच आग लगने से वह झुलस गई और उसकी मौत हो गई।