सदर कोतवाली पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में वांछित चल रहे सरगना को
धर दबोचा है। पुलिस के मुताबिक उस पर पूर्व में भी हत्या और रंगदारी समेत
कई संगीन मामले दर्ज हैं।
कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक
शहर के मोहल्ला हाथीपुर कोठार निवासी लक्की उर्फ अतुल दीक्षित हाल ही में
रंगदारी के एक मामले में वांछित चल रहा था। जबकि पूर्व में भी इस पर हत्या,
रंगदारी और गैंगेस्टर समेत पांच मामले दर्ज हैं। महेवागंज चौैकी इंचार्ज
भीमसेन यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार की शाम मेला मैदान के निकट
छापा मारकर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार फरवरी में हाथीपुर निवासी
सुनील गुप्ता और संतोषनगर निवासी निखिल गुप्ता ने लक्की, निक्की और बिंकू
मिश्रा के खिलाफ 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कराया था।
इनमें से निक्की उर्फ अंशुल और बिंकू मिश्रा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर
जेल भेज चुकी है। अब पुलिस के हत्थे चढ़ा लक्की उर्फ अतुल गैंग का सरगना
बताया जाता है। पुलिस के मुताबिक रंगदारी के आरोप में पकड़े गए तीनों आरोपी
डालू-बग्गा गैंग के सक्रिय सदस्य रह चुके हैं।