थाना क्षेत्र के गांव बीरसिंघपुर के निकट पेट्रोल पंप के पास घात लगाए बदमाशों ने बाइक सवार दो लोगों को रस्सा लगाकर रोक लिया, इसके बाद दोनों को बांधने के बाद 6800 रुपये नकद, दो मोबाइल और बाइक लूटकर फरार हो गए। कुछ देर बाद खुद को बंधनमुक्त कराकर पीड़ितों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
मिर्जापुर गांव निवासी वकील और मुबारक रविवार को नमाज अदा करने त्रिकोलिया गांव गए थे। देरशाम दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बीरसिंघपुर पेट्रोल पंप के पास बदमाशों ने रस्सा लगाकर उन्हें रोक लिया। बाइक के रुकते ही बदमाशों ने वकील और मुबारक को बांधकर सड़क किनारे खेत में डाल दिया। फिर बदमाशों ने वकील के पास से चार हजार नकद, मोबाइल और मुबारक के पास से 2800 रुपये और मोबाइल लूट लिया। इसके बाद बदमाश बाइक भी लूट ले गए। रात में मशक्कत के बाद दोनों ने खुद को बंधनमुक्त कराया और किसी तरह घर पहुंचे। पीड़ितों ने रात में ही फोन से पुलिस को सूचना दी, इसके बाद सोमवार को ईसानगर थाने में तहरीर दी, पुलिस ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। हालांकि पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।