ढखेरवा चौकी क्षेत्र के गांव बुद्धापुरवा में शनिवार रात बदमाशों ने तीन घरों को अपना निशाना बनाते हुए परिवार वालों को बंधक बनाकर पिटाई करने के बाद 50 हजार की नकदी सहित करीब दो लाख रुपये के जेवर और बर्तन लूूट लिए। घटना से इलाके में दहशत है। यह घटना चौकी से मात्र आधा किलोमीटर की दूरी पर घटित हुई।
पुलिस चौकी ढखेरवा के गांव बुद्धापुरवा निवासी श्याम बिहारी वर्मा के घर शनिवार रात एक बजे दर्जन भर असलहाधारी बदमाशों ने धावा बोल दिया। परिवार वालों को तमंचे के बल पर लेकर सभी की पिटाई करने के बाद एक कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने श्याम बिहारी के पुत्र सत्य प्रकाश वर्मा और सर्वेश के कमरे से 43 हजार रुपये की नकदी सहित करीब एक लाख रुपये के सोने, चांदी के जेवर और बर्तन लूट लिए। बाद में धमकी देकर फरार हो गए। घटना की सूचना ढखेरवा पुलिस को दी गई। उसके बाद बदमाशों ने पड़ोस के गांव ढखेरवा निवासी अवधेश कुमार और रामेश्वर के परिवारों को बंधक बनाकर बुरी तरह पिटाई करने के बाद रामेश्वर के घर से टीवी सीडी जहां उठा ले गए वहीं अवधेश के घर से पांच हजार रुपये और एक लाख रुपये के सोने, चांदी के आभूषण, बर्तन लूट लिए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लूट का शिकार हुए परिवारों से पूछताछ की। धौरहरा और निघासन कोतवाली क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से हो रही ताबड़तोड़ लूट की वारदातों से इलाकाई लोगों में काफी दहशत व्याप्त है।
चौकी इंचार्ज ढकेरवा धर्मेंद्र कुमार के अनुसार रात में सिपाही गश्त पर थे। इसके बावजूद लूट की घटना हुई है। मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। जांच कर मामले की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। लूट की बढ़ रही घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।