कुकरा के सर्राफ से हुई लूट का खुलासा, एक गिरफ्तार
- फोटो : कुकरा के सर्राफ से हुई लूट का खुलासा, एक गिरफ्तार
पुलिस ने करीब सवा माह पहले कुकरा के एक सराफ के साथ हुई लूटपाट की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर गोला के एक सराफ के यहां से लूटे गए जेवरात भी बरामद करने का दावा किया है। बता दें कि सर्वोदय नगर कॉलोनी गोला निवासी तुषार सोनी की कुकरा में सोने-चांदी की दुकान है। आठ जून की शाम साढ़े पांच तुषार अपनी दुकान बंद कर बाइक से अपने भाई किशन सोनी के साथ गोला जा रहे थे। लोहिया पुल के पास दो बाइकों पर सवार नकाबपोश चार बदमाशों ने बाइक ओवरटेक कर चलती बाइक से तुषार के भाई किशन सोनी के हाथ से तमंचेे के बल पर सोने-चांदी से भरा थैला लूट लिया था और भाग निकले थे। थैले में एक किलो चांदी और दस ग्राम सोना था। एसओ ऋषि देव सिंह ने बताया कि सोमवार की रात मुखबिर ने सूचना दी कि एक व्यक्ति संसारपुर-गोला मार्ग पर संदिग्ध हालत में खड़ा है और वह कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने रात साढ़े नौ बजे संसारपुर-गोला मार्ग पर स्थित राजेपुर मोड़ के पास छापा मारा और इबरार उर्फ गुड्डू निवासी रामपुर गोकुल थाना गोला को दबोच लिया। उसके पास से कुछ जेवरात, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के बाद आरोपी इबरार की निशानदेही पर पुलिस ने गोला में सर्राफ रामजी राजपूत की दुकान पर छापा मारकर बेचा गया लूटा जेवर 12 चांदी की पायलें, 18 बिछिया, 8 खड़ुआ, 2 गले की चेन, 2 कुंडल सोने के 11 नाक के फूल, दो जोड़ी नाक की बाली बरामद कर ली। उसके फरार साथी अरविंद, मोनू सिंह निवासी बंडा शाहजहांपुर और रमेश उर्फ रिंकू निवासी गणेशपुर थाना हैदराबाद खीरी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शाहजहांपुर तथा हरदोई में भी कर चुके हैं लूट
मैलानी। एसओ ऋषि देव सिंह नेे बताया कि पकड़ा गया इबरार और उसके साथी शातिर अपराधी हैं। शाहजहांपुर और हरदोई जिलों में भी सर्राफ से लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। अरविंद शाहजहांपुर तथा रमेश सिंह हरदोई जेल में बंद है, जबकि मोनू सिंह फरार है। आरोपी रेकी कर लूट की घटना को अंजाम देते हैं।