जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में घायल हुए दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। गोला क्षेत्र में 20 दिसंबर की सुबह खड़े ट्रक में वैन भिड़ी थी, जिसमें सदर कोतवाली के मीरपुर निवासी घायल युवक की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि हैदराबाद क्षेत्र के मुगलाखेड़ा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में घायल हुए देउरी गांव निवासी युवक की जिला अस्पताल में मौत हो गई।
सदर कोतवाली के मीरपुर गांव निवासी 30 वर्षीय शाकिर पेशे से एंबुलेंस चालक था। वह 20 दिसंबर की सुबह कुछ दोस्तों के साथ वैन से गोला की ओर जा रहा था, जहां रास्ते में रजागंज के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से वैन टकरा गई थी। इस हादसे में एंबुलेंस चालक शाकिर के अलावा पांच लोग घायल हुए थे। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जबकि शाकिर की गंभीर हालत देखते हुए उसे लखनऊ रेफर किया गया था। कई दिनों तक लखनऊ में चले इलाज के दौरान सोमवार की अल सुबह शाकिर ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिवार वालों ने शव को लखीमपुर लाकर पोस्टमार्टम कराया।
भूपतिपुर। नीमगांव थाना के देउरी गांव निवासी 33 वर्षीय दीपू वर्मा की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। वह रविवार को शिवपुरी निवासी सोबरन लाल और विनोद वर्मा के साथ हैदराबाद थाना क्षेत्र के परसादपुर गांव में अपनी बहन के यहाँ जा रहा था। रास्ते में हैदराबाद थाना क्षेत्र में मुगलाखेड़ा गांव के पास सामने से आ रही तेज रप्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी, जिससे तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को गोला सीएचसी भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने दीपू को गंभीर हालत में लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान देरशाम दीपू ने दम तोड़ दिया। दीपू अपने पीछेे पत्नी के साथ एक पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गया है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़े भाई रामनरेश ने जैैसे ही मौत की खबर सुनी तो गश खाकर बेसुध हो गए।