जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक वकील की मौत हो गई है जबकि एक बच्ची घायल हो गई। बच्ची की हालत गंभीर है।
थाना क्षेत्र खीरी के ग्राम हरदासपुर निवासी 35 वर्षीय वकील संतोष कुमार बुधवार को रात लगभग 8.30 बजे बाइक से एलआरपी रोड पर जा रहे थे। रास्ते में हनुमान मंदिर के पास उनकी बाइक ओवरटेक करते समय एक गन्ने से लदी ट्रॉली से टकरा गई। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके अलावा थाना क्षेत्र निघासन के ग्राम कशावल निवासी सरदार बलबीर सिंह की 10 वर्षीय पुत्री मनप्रीत कौर घर के बाहर सड़क पार कर रही थी तभी एक बोलेरो की चपेट में आकर घायल हो गई। उसे सीएचसी निघासन ले जाया गया जहां गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।