मोहम्मदी और फरधान क्षेत्र में हुए भीषण हादसे, दो घायल भर्ती
बरवर में हादसे से गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
मंगलवार को जिले की सड़कें खून से लाल हो गईं। मोहम्मदी क्षेत्र के गांव गलरई में सड़क किनारे बैठे तीन लोगों को कार ने रौंद दिया, जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। तीसरा युवक घायल हो गया। हादसे से गुस्साए गलरई के ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को किसी तरह से समझा बुझाकर जाम खुलवाया। उधर, फरधान क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। घायल दोनों युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
बरवर। मंगलवार की सुबह गलरई गांव के निकट एक ईंट भट्ठे के पास 50 वर्षीय परमेश्वरदीन अपनी बाइक का पंक्चर जुड़वा रहे थे। पास में ही गांव के श्रीकृष्ण और भट्ठे पर काम करने वाला 45 वर्षीय जलालुद्दीन बैठे थेेे। इसी बीच मोहम्मदी से बरवर सीएचसी आ रहीं सीएचसी की सुपरवाइजर राजन गौड़ की कार अनियंत्रित हो गई। कार ने तीनों को रौंद्र दिया। हादसे में परमेश्वरदीन और श्रीकृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जलालुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गया, घायल को शाहजहांपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर भाग निकला। दो लोगों की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने मोहम्मदी-बरवर मार्ग पर जाम लगा दिया और प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण डटे रहे। सूचना पर पहुंचे एसडीएम मोहम्मदी नागेंद्र कुमार सिंह, सीओ रामशंकर सिंह, पसगवां इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझा कर किसी तरह से शांत कराया। इस दौरान करीब पौन घंटे तक यातायात भी बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई गाड़ी को कब्जे में लिया है। घटना की तहरीर पुलिस को अभी नहीं दी गई है। सीओ ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मृतक परमेश्वरदीन के छह पुत्र हैं। जिसमें दो पुत्रों की शादी हो चुकी है। श्रीकृष्ण का एक विवाहित पुत्र है। जलालुद्दीन के एक पुत्र 13 वर्षीय इमरान, पुत्री आठ वर्षीय राजवी और पांच वर्षीय मुस्कान है।
फरधान। पहला हदसा सोमवार की रात करीब नौ बजे लखीमपुर-गोला मार्ग पर लालपुर स्थित राइस मिल के पास हुआ। इस हादसे में सदर कोतवाली के मोहल्ला कमलापुर निवासी 22 वर्षीय अक्षय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई 20 वर्षीय सनी घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसआई आरबी यादव ने बताया दोनों बाइक से थे। हादसा कैसे हुआ। इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। मौके से हताहत हुए लोगों की बाइक मिली है। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दूसरी दुर्घटना भी राइस मिल के पास रात 11 बजे हुई। परिवालों के मुताबिक मन्योरा निवासी 32 वर्षीय विमल वर्मा उर्फ बबलू शहर के मोहल्ला उदयपुर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर काम करता है। काम खत्म करने के बाद वह रात करीब 11 बजे बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में बाइक पलट जाने से वह घायल हो गया। किसी राहगीर ने मोबाइल से उसके घर वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे घर वाले उसे मन्योरा ले आए। शरीर पर ऊपरी चोट न होने से घर वालों ने उसे गंभीरता से नहीं लिया और अस्पताल नहीं ले गए। मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई। विमल की पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों चार वर्षीय भूरे, आठ वर्षीय शिवांगी और 10 वर्षीय शिवानी को छोड़ गया है।