ऐरा चीनी मिल में चेकिंग के दौरान किसानों की गन्ने की फसल में तौल के दौरान घटतौली का मामला सामने आया है, जिस पर गन्ना किसान सेवा सहकारी समिति के सचिव टीएन यादव ने ईसानगर थाने में केन मैनेजर वीके सिंह और मिल मैनेजर आलोक सक्सेना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सचिव ने तहरीर में बताया कि चेकिंग के मिल गेट के एक नंबर, दो नंबर कांटा और तीन नंबर कांटा में 10 क्विंटल का फर्क पाया गया है। केशवापुर गांव की स्नेहलता और नीलम के नाम की पर्चियों पर आई ट्रॉली की तौल कराने पर इसकी पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर शनिवार की शाम गिरफ्तारी के लिए चीनी मिल में दबिश दी। लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई।
सुरक्षाकर्मी को कमरे में बांधकर पीटा
ईसानगर। ऐरा चीनी मिल में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात सुरक्षाकर्मी ऊधमसिंह भार्गव ने पुलिस को तहरीर देकर मिल के सिक्योरिटी इंचार्ज और एचआर पर कमरे में बंद कर पिटाई करने का आरोप लगाया है। ऊधमसिंह का कहना है कि वह ड्यूटी पर आने में आधे घंटे लेट हो गया था। जिस पर नाराज होकर दोनों अधिकारियों ने उसे लात-घूसों से जमकर पीटा। ऊधम सिंह ने एसओ ईसानगर आरपी यादव को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। पिटाई से ऊधम सिंह की आंख में गंभीर चोट आई है। एसओ ने मामले को गंभीर बताते हुए कार्रवाई करने की बात कही।