पुलिस ने चौकीदारों को बुलाकर शुरू की पूछताछ
एसपी-एएसपी ने ओयल पहुंचकर देखा घटनास्थल
शहर में डीएफओ, सीएमओ और ओयल के शिवाला गढ़ी से चोरी से काटे गए चंदन के पेड़ों के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस को जानकारी मिली है कि तस्करों के तार कन्नौज से जुड़े हैं। इसको लेकर पुलिस पड़ताल में जुट गई है। पुलिस सीडीआर डिटेल निकलवाकर तस्करों तक पहुंचने का प्रयास करेगी। पुलिस ने सभी चौकीदारों को रविवार को कोतवाली बुलाकर उनसे अलग-अलग पूछताछ की। उधर आईजी जोन के आदेश पर एसपी, एएसपी ओयल पहुंचे और शिवाला गढ़ी में काटे गए पेड़ों के स्थान का निरीक्षण किया।
बतादें कि 22 नवंबर की रात डीएफओ साउथ के आवास में लगे चंदन के दो पेड़ काट दिए गए थे और लकड़ी तस्कर ले गए थे। इसी रात में सीएमओ आवास में लगे एक पेड़ को काट डाला गया, लेकिन उसे ले जाने में तस्कर कामयाब नहीं हो सके । पुलिस दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल भी शुरू नहीं कर पाई थी, कि चंदन तस्करों ने अगले दिन रात में ओयल के शिवाला गढ़ी में लगे छह चंदन के पेड़ चोरी से काट लिए और लकड़ी ले गए। 24 घंटों में दो स्थानों से चंदन के पेड़ कटने के मामले को आईजी लखनऊ ए सतीश गणेश ने गंभीरता से लिया और मामले के खुलासे के आदेश दिए। यहा बता दें कि वर्ष 2015 में सीओ सिटी एमपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चार पहिया वाहन से चंदन की लकड़ी बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपी कन्नौज और फर्रुखाबाद के थे। पुलिस को शक है कि डीएफओ साउथ और सीएमओ ऑफिस से काटे गए पेड़ों के मामले में तार कन्नौज और फर्रुखाबाद से जुड़े हैं। पुलिस और वन विभाग की टीमें दोनों जिलों में भेजी गई हैं। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि मौके पर मौजूद परिस्थितिजन्य साक्ष्य एस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि डीएफओ आवास में एक पेड़ चोरों ने बैटरी चलित आरी और दूसरा पेड़ सामान्य आरी से काटा है और लकड़ी चार पहिया वाहन से ले गए हैं, जबकि जिस स्थान पर पेड़ लगे थे, उससे कुछ ही दूरी पर दोनों चौकीदार थे। जिससे पुलिस को चौकीदारों के तस्करों से मिले होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि डीएफओ आवास के पास लगे टॉवर की बीटीएस डिटेल निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ क्लू मिले हैं, जिनकी क्रॉस चेकिंग की जा रही है। उधर एसपी मनोज कुमार झा, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ओयल पहुंचे और शिवाला गढ़ी से काटे गए पेड़ों के स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने आसपास के लोगों और चौकीदार से घटना के बावत पूछताछ की।