फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चौकी इंचार्ज ने बस मालिक के पुत्र को पीटा

Thu, 26 Mar 2015 10:31 PM IST
अलीगंज
विज्ञापन
विज्ञापन
प्राइवेट बस की छत पर सवारियां बैठी देख अलीगंज चौकी इंचार्ज योगेंद्र राय का पारा चढ़ गया। आरोप है कि उन्होंने बस मालिक के पुत्र की पिटाई कर दी। जिससे वहां मौजूद लोग भड़क गए। कुछ ही देर में वहां इकट्ठा हुए क्षेत्र के तमाम लोगों और बस मालिकों ने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। बाद में चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई करने के गोला कोतवाल एके उपाध्याय के आश्वासन पर लोगों का प्रदर्शन खत्म हुआ।
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के गांव बिचपरी निवासी पूर्व प्रधान प्रमोद सिंह की बस गोला से बिजुआ तक चलती है। गोला से बस सवारियां भरकर बिजुआ जा रही थी। बताते हैं भीड़ अधिक होने के कारण कुछ सवारियां बस की छत पर बैठ गईं। अलीगंज में बस के ऊपर सवारियां बैठी देखकर चौकी इंचार्ज ने बस को चौकी के पास रुकवा लिया। बस रुकने पर कंडक्टर मौका पाकर भाग निकला। खिड़की पर पहुंचे बस मालिक के पुत्र शुभी सिंह ने दरोगा से बस रुकवाने का कारण पूछा तो चौकी इंचार्ज आग-बबूला हो गए और उन्होंने शुभी सिंह की पिटाई कर दी। जिसके बाद घर पहुंचे शुभी ने इसकी शिकायत घरवालों से की। शुभी की पिटाई की सूचना पाकर क्षेत्र के तमाम लोग अलीगंज चौकी के पास एकत्र हो गए और पुलिस के विरुद्ध प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। लोगों के  प्रदर्शन से दोनों तरफ से बसों और गन्ने के ट्रकों की लंबी लाइन लग गई। भीड़ एकत्र होते देख चौकी इंचार्ज वहां से निकल गए। प्रदर्शनकारी काफी देर तक चौकी इंचार्ज के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। वहीं बस मालिकों ने आरोप लगाया कि पुलिस उनसे प्रतिमाह सुविधा शुल्क लेने के बाद भी उनका उत्पीड़न करती है। लोगों का आरोप है कि पुलिस आए दिन धन उगाही के लिए शोषण करती रहती है। कुछ दिन पूर्व पुलिस की जीप चलाने वाले अलीगंज निवासी एक होमगार्ड को भी इस चौकी में सुबह से शाम तक बैठाए रखा गया था। प्रदर्शन में बाबू अंसारी, क्षत्रपाल सिंह, दीपू दीक्षित, विपिन सिंह, संतराम वर्मा, संजुल वर्मा, नीरज सिंह, धीरेंद्र सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें