मुख्य आरोपी हफ्ते भर बाद भी पुलिस गिरफ्त से दूर
हफ्ते भर पहले मोहल्ला महाराज नगर निवासी जगदीप कौर की गोली मारकर हत्या करने के मामले में नामजद आरोपियों में से दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपी अभी भी फरार हैं।
बता दें कि जेल गेट रोड पर स्थित जिला अस्पताल के गेट पर पान मसाला बेचने वाली मोहल्ला महाराज नगर निवासी 50 वर्षीय जगदीप कौर की दो फरवरी की शाम उसके ही घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतका के पुत्र रंजीत सिंह ने अपने सौतेले भाई राजू और उसके चार अन्य साथियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने बुधवार को थाना फरधान के गांव कैमहरा निवासी दो भाइयों मुकेश दीक्षित और प्रदीप दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी थाना फूलबेहड़ के गांव मिर्जापुर, अंदेशनगर फार्म निवासी सौतेले भाई राजू और दो अन्य आरोपियों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि गिरफ्तार दोनों सगे भाइयों का चालान कर दिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।