चोरी-लूट की घटनाओं को रोकने के लिए आईजी लखनऊ की ओर से बनाई गई जोनल चेकिंग की रणनीति पुलिस की लापरवाही के कारण फेल साबित हो रही है। रविवार की रात चोरों ने थाना ईसानगर की पुलिस चौकी खमरिया निवासी गल्ला व्यापारी और निघासन कसबा निवासी मेडिकल कारोबारी के घर से लाखों रुपये का सामान पार कर लिया।
गल्ला व्यापारी के घर से नकदी-जेवर उड़ाए
खमरिया। कसबा निवासी कन्हैयालाल गुप्ता गल्ला व्यापारी हैं। गल्ला व्यापारी ने बताया कि उनका परिवार छत पर सो रहा था। रविवार की रात चोर घर के पीछे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुस आए। चोर कमरे में रखे एक लाख नौ हजार रुपये, सोने का मंगल सूत्र और मोबाइल उठा ले गए। सुबह परिवार के लोग छत से नीचे उतरे तो उनकी नजर मकान के पीछे लगे दरवाजे पर पड़ी। दरवाजा खुला देखकर अनहोनी की आशंका हुई। जिस पर वह लोग जब कमरों में गए तो देखा एक कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। नकदी-जेवर और मोबाइल गायब था। व्यापारी के घर हुई चोरी की वारदात की जानकारी जब आसपास के लोगों को मिली तो तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। व्यापारी ने घटना की सूचना खमरिया चौकी पुलिस को दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस संबंध में चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया की मैं लखनऊ में हूं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
खमरिया चौकी पुलिस के गश्त न करने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। एसपी की जोनल चेकिंग को भी चोरों ने चुनौती दे दी है। गल्ला व्यापारी ने घटना की लिखित और मौखिक सूचना चौकी पुलिस को दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। यहां तक चौकी पर तैनात स्टॉफ जानकारी होने से भी इनकार कर रही है।
मेडिकल व्यवसाई के घर से हजारों की चोरी
निघासन। पलिया रोड स्थित नीरज मेडिकल स्टोर के प्रोपाइटर प्रमोद यादव का घर विद्युत उपकेंद्र के पास है। रविवार की शाम गर्मी अधिक होने के कारण उनकी पत्नी सुमन यादव, पुत्री शालू और सरोज, भतीजा अनूप यादव, उसकी पत्नी गीता छत पर लेटे हुए थे। रविवार रात करीब 12 बजे जब बिजली आई तो सभी लोग अपने-अपने कमरों में चले गए। छत का दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर चोर घर में घुस आए और कमरे में रखे 10 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, सोने की जंजीर, एक मोबाइल और छत पर लगा सोलर पैनल खोल कर चोरी कर ले गए। सुबह उठकर प्रमोद ने देखा तो घर का दरवाजा खुला था। कमरे में जाकर देखा तो सामान गायब मिला। प्रमोद ने बताया कि इसके पहले भी उनके घर से ट्रैक्टर की बैटरी, सीडी आदि सामान चोरी हो चुका है। उन्होंने कस्बे में हो रही पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं। बता दें कि शनिवार की रात चोर गांव अंबरपुरवा निवासी रामआसरे के घर से हजारों का सामान चोरी कर ले गए थे।
दो घरों से बकरे चोरी, हड़कंप
गुलरिया। थाना भीरा थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवा निवासी सियाराम और रमेश के घर चोर घुस गए। दीवार कूदकर घरों में घुसे चोर दो बकरे चोरी कर ले गए। एक ही रात बकरा चोरी होने की घटना से बकरा पालने वालों में हड़कंप है। दोनों घटनाओं की तहरीर पुलिस को दी गई है।