कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसी में अपनी ननिहाल आए दो बालकों की नाले में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नाले से बरामद कर लिया है। परिवार वालों की सहमति पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को उनके घरवालों के सुपुर्द कर दिया।
सिरसी गांव निवासी रामचंद्र यादव के घर छुट्टियां बिताने के लिए उनके दो भांजे पिंकू और सुमित आए थे। फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव थाधी निवासी गजेंद्र यादव का 10 वर्र्षीय पुत्र पिंकू और खीरी थाना क्षेत्र के गांव पनगी निवासी राजेश यादव का 11 वर्र्षीय पुत्र सुमित मंगलवार की दोपहर गर्मी के चलते गांव के पास सिरसी नाले में नहाने गए थे। वहां पर गांव के ही कुछ और बच्चे भी खेल रहे थे। पिंकू और सुमित नहाने के दौरान नाले की गहराई में चले गए। जब तक लोग उन्हें बचाने का प्रयास करते तब तक दोनों डूब गए। इस हादसे से गांव में कोहराम मच गया। परिवार वाले आनन-फानन में सिरसी नाले के पास पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों बालकों के शवों को बरामद कर लिया। इसके बाद पंचनामा भरकर शवों को परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया।