भीरा थाना क्षेत्र के धनतरिया गांव से अंबेडकर जयंती के मौके पर निकाले जा रहे जुलूस में शामिल युवक से कहासुनी होने पर दो पक्षाें में बवाल हो गया। आरोप है कि बाद में युवक को दूसरे पक्ष के लोग घर से उठा ले गए और उसे अपने गांव ले जाकर बुरी तरह पीटा। पुलिस के पहुंचने पर पीटे गए युवक को आरोपियों ने गांव के बाहर नहर के पास छोड़ा। गुस्साए दलित समाज के लोगों ने घायल युवक को लेकर गदियाना चौराहा जाम कर दिया। बाद में अस्पताल लेकर आए, यहां भी हंगामा किया।
राजगढ़, धनतरिया, गदियाना, हर्रैया समेत करीब छह गांव के दलित समाज के लोग अंबेडकर जयंती पर रैली निकाल रहे थे। रैली सेनपुर से वापस गोला बिजुआ डामर मार्ग से गदियाना चौराहा आ रही थी। रैली गदियाना से थोड़ा पहले जंगल के पास पहुंची ही थी कि तभी रोड पर बाइक से अपने गांव जा रहे जंगलीनाथ गांव के सतेंद्र और घनश्याम की रैली में शामिल नंदकिशोर से प्रसाद देने और साइड लेने के चक्कर में कहासुनी हो गई। आरोप है कि बाद में मारपीट भी हुई। इस दौरान रैली में शामिल दूसरे लोगों ने नंदकिशोर को उसके घर भेज दिया। नंदकिशोर की मां लज्जावती का आरोप है कि उसके बेटे को गांव से छह लोग उठाकर अपने गांव जंगलीनाथ में ले गए और वहां उसे बुरी तरह से मारा-पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को जंगलीनाथ के किनारे नहर से लेकर आई। नंदकिशोर की हालत देखकर भीड़ गुस्सा गई। गदियाना चौराहे पर जाम लगा दिया, बाद में घायल को अस्पताल लाने पर यहां भी हंगामा हुआ। एसओ और चौकी इंचार्ज ने भीड़ को समझा कर शांत किया। आरोपियों के खिलाफ तहरीर लेली है। घायल को लखीमपुर खीरी के लिए रेफर कर दिया गया है।