गायब किशोर के बारे में कर रही पूछताछ
सदर कोतवाली पुलिस ने बच्चों को बहला फुसलाकर बिक्री करने के शक में मोहल्ला शिवपुरी निवासी एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे मोहल्ले से गायब हुए 14 वर्षीय आजाद खान के बावत पूछताछ कर रही है।
बतादें कि मोहल्ला बेगम बाग शिवपुरी निवासी सब्बे खां का 14 वर्षीय पुत्र आजाद खान 29 अगस्त को घर के बाहर से रहस्यमय ढंग से गायब हो गया था। पुलिस ने पिता की सूचना पर गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। पुलिस को पता चला कि मोहल्ले का ही एक युवक मोहल्ले के ही एक युवक को करीब 15 दिन पहले बहला फुसलाकर हरिद्वार ले गया। वहां उसे बेच दिया था। हालांकि तीन दिन बाद कथित रूप से बेचा गया युवक चुपके से घर वापस भाग आया था। पुलिस ने बताया कि जिस युवक पर मानव तस्करी करने का शक है वह जिस दिन आजाद खान गायब हुआ था, उस दिन उसके साथ देखा गया था।
एसएसआई जेपी यादव ने बताया कि शक के आधार पर युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।
काम की तलाश में गया किशोर लापता
बेलरायां। कोतवाली तिकुनियां के गांव डांगा निवासी सोहनलाल का 14 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार गांव के ही रामकिशोर के साथ काम की तलाश में गया था। राम किशोर सायं को घर लौट आया, लेकिन मुकेश जब घर नहीं पहुंचा तो परिवार वाले चिंतित हो उठे। सोहनलाल ने बताया कि जब वह राम किशोर के घर गए और पुत्र के बारे में जानकारी ली तो राम किशोर ने कोई सही जवाब नहीं दिया। उन्होंने पुत्र की काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। उन्होंने आरोपी को नामजद कर तहरीर पुलिस को दी है। प्रभारी कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, लेकिन गायब किशोर के पिता की मौखिक सूचना पर आरोपी राम किशोर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।