काशीनगर में चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य
55 हजार की नकदी सहित तीन लाख के जेवरों पर किया हाथ साफ
शहर में मकानों का ताला तोड़कर चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार की रात चोरों ने मोहल्ला काशीनगर निवासी डीपीआरओ दफ्तर में तैनात कर्मचारी के घर का ताला तोड़ दिया और 55 हजार की नकदी समेत तीन लाख के जेवर बटोर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
मोहल्ला काशीनगर निवासी विनोद श्रीवास्तव ने बताया कि वह शुक्रवार की शाम मोहल्ला नौरंगाबाद में एक शादी समारोह में परिवार समेत शामिल होने गए थे। घर के मेन गेट और सभी कमरों में ताला पड़ा हुआ था। रात में किसी समय चोर दीवार कूदकर अंदर आ गए और कमरों का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने सेफ, बक्से आदि का ताला तोड़ दिया और घर में रखा सारा सामान खंगाल डाला। उन्होंने बताया कि चोर सेफ में रखे 55 हजार रुपए और चांदी और सोने के करीब तीन लाख के जेवर चोरी कर ले गए। चोरी होने की जानकारी सुबह तब हुई जब वह घर पर आए। मेन गेट का ताला खोलकर अंदर घुसे तो देखा कि कमरों का ताले टूटे पड़े थे। सामान बिखरा हुआ पड़ा था। यह देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर सदर कोतवाली भी मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि गृहस्वामी की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।