मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए किया हंगामा
थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के बसहामाफी गांव निवासी एक विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में घर के अंदर कुंडे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने दहेज की खातिर हत्याकर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए खूब हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव बसहामाफी निवासी रियाजुद्दीन की 42 वर्षीय पत्नी आसना बानो का शव कमरे के अंदर कुंडे में लटकता मिला। जिस कमरे में महिला लटकती मिली उस कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। जब यह बात गांव में फैली तो वहां मजमा लग गया और तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई। सूचना पर बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के गांव महेशपुर निवासी मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। यहां बेटी की लाश देख मायकेवालों में कोहराम मच गया। उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा और पुलिस को सूचना दी।
एसओ आनंद शाही और नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के चाचा वलीम खां ने बताया कि पांच माह पूर्व बेटी के हाथ पीले किए थे। हैसियत के हिसाब से दान दहेज भी दिया था। उन्होंने ससुरालियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। एसओ आनंद शाही ने बताया कि महिला की लाश कमरे में लटकी मिली है। मायके पक्ष की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।