आईजी, डीआईजी समेत मौके पर पहुंचा पुलिस अमला
डीएम रोड पर स्थित कांशीराम कॉलोनी में स्थापित की गई होलिका में रंजिशन किसी ने आग लगा दी। सूचना मिलने पर आईजी ए सतीश गणेश, डीआईजी प्रवीण कुमार, एसपी मनोज कुमार झा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किसी तरह से आग बुझाई और घटना के बाद गुस्साए लोगों को समझा बुझाकर शांत किया और दोबारा लकड़ी लगवाई। पुलिस होलिका दहन की जगह को लेकर चल रहे विवाद में घटना होने की आशंका जता रही है।
डीएम बंगला रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में होलिका स्थल पर लगी लकड़ियों में किसी ने शनिवार की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे आग लगा दी। कॉलोनी वासियों ने इसकी सूचना एसपी मनोज कुमार झा को दी। एसपी के आदेश पर जेल गेट चौकी इंचार्ज और सीओ पूरनपुर (पीलीभीत) ब्रह्मपाल मौके पर पहुंच गए। बताते हैं कि इसी बीच ब्रह्मपाल ने वायरलेस सेट से फायर बिग्रेड को मौके पर पहुंचने का संदेश प्रसारित कर दिया। संदेश प्रसारित होते ही शहर में भ्रमण कर रहे आईजी ए सतीश गणेश, डीआईजी प्रवीण कुमार, एसपी मनोज कुमार झा मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आनन-फानन में आग को बुझाया और नाराज लोगों को शांत किया। पुलिस ने रात में ही लकड़ियों की व्यवस्था की और वहां लगवाईं तब जाकर लोग शांत हुए। घटना के बाद मौके पर मौजूद डीआईजी का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। उन्होंने चौकी इंचार्ज समेत वहां मौजूद अफसरों को जमकर फटकार लगाई और पिकेट लगाने के आदेश दिए।