फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के लखहा अलीगंज में बुधवार सुबह सौर ऊर्जा लाइट का पोल ठीक करते समय दो युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा मामूली रूप से झुलस गया।
लखहा अलीगंज निवासी जगदीश का पुत्र 20 वर्षीय राजेश अपने पड़ोसी युवक शिवचंदर के साथ खड़ंजे पर लगा सोलर लाइट का पोल सही कर रहा था। बताते हैं कि किसी तरह पोल के समीप से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। इससे पोल मे करंट दौड़ गया। इसमें शिवचंदर छिटककर दूर जा गिरा जबकि राजेश गंभीर झुलस गया। गांव में चीख-पुकार मच गई। झुलसे राजेश को जब तक उपचार मिलता उसने रास्ते मे ही दम तोड़ दिया। शव को परिवार वाले घर ले आए। सूचना पर एसओ आरपी ओझा और चौकी इंचार्ज तौफीक खां मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेहजम। नीमगांव क्षेत्र के गांव अछनियां निवासी नसरुल्ला बुधवार को छत पर किसी काम की वजह से गया था, तभी छत के ऊपर से होकर गुजरी 33 केवीए की बिजली लाइन में अचानक स्पार्किंग होने लगी। इससे काम कर रहा 45 वर्षीय ग्रामीण हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। इसकी जानकारी होने पर तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में नसरुल्ला को लेकर बेहजम सीएचसी पहुंचे, जहां अस्पताल में ताला पड़ा मिला। जिसके बाद ग्रामीण नसरुल्ला को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उसे गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है।