खेत में पड़ा भूसा भरने से मना करने से नाराज गांव गदियाना तथा मुर्गहा के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में फायरिंग और मारपीट शुरू हो गई। करीब आधा घंटे हुई फायरिंग से पूरे गांव में दहशत व्याप्त हो गई। मौके की नजाकत को भांपते हुए एसओ ने सिंगाही, तिकुनियां और पलिया का पुलिस फोर्स बुलवा लिया और किसी तरह से मामला शांत कराया। मारपीट के दौरान एकपक्ष का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उसे जिला मुख्यालय रेफर किया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
क्षेत्र के गांव ढखवा गदियाना निवासी अयूब का भूसा गांव के बाहर लगा था। आरोप है कि मुर्गहा निवासी अजय तथा अनिकेत बुधवार की रात करीब 8.30 बजे भूसा भर रहे थे। इसी बीच गदियाना के कुछ लोग दावत से वापस गांव जा रहे थे। खेत में भूसा भरते हुए देखकर उन लोगों ने दोनों को दबोच लिया और उनकी पिटाई करते हुए उनको बांध दिया। इसी बीच खेत में कुछ चहलकदमी सुनकर मुर्गहा गांव का राजपाल खेतों की ओर गया। वहां पर दोनों को बंधा देखकर वह वापस गांव पहुंचा और मामले की जानकारी अन्य लोगों को दी। नाराज लोग लाठी-डंडों और असलहों से लैस होकर गए और अजय तथा अनिकेत को छुड़ाने के बाद गांव ले आए। उधर गदियाना के लोगों को जानकारी मिली तो वह लोग मुर्गहा पहुंच गए और फायरिंग शुरू कर दी, इस पर दूसरे पक्ष ने भी फायरिंग की। फायरिंग की सूचना पर पहुंचे एसओ आरके यादव ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए कई थानों का फोर्स बुला लिया। पुलिस ने दोनों गांव के लोगों को शांत कराया। इस घटना में अजय घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में अजय के पिता रमेश की तहरीर पर गदियाना निवासी रफीक, अयूब समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अयूब ने मुर्गहा निवासी सुरेश, सुरेंद्र, पप्पू समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।