गर्भवती होने पर अपहरण कर ढखेरवा के एक अस्पताल में कराया एबार्शन
पिता की शिकायत पर आरोपी युवक को पुलिस ने लिया हिरासत में
एबार्शन करने वाले अस्पताल संचालक की तलाश में जुटी पुलिस
क्षेत्र के एक गांव में शादीशुदा युवक ने गांव की ही एक किशोरी को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। किशोरी के गर्भवती होने पर किशोरी का अपहरण कर उसका एबार्शन ढखेरवा के एक अस्पताल में करा दिया। सोमवार को मामले का खुलासा होने पर किशोरी के पिता ने मामले की शिकायत एसओ से की। एसओ ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस एबार्शन करने वाले अस्पताल संचालक और डॉक्टर की तलाश में जुट गई है।
एक गांव निवासी शादीशुदा युवक ने पड़ोस की एक 13 वर्षीय किशोरी को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। कई महीने बाद जब किशोरी गर्भवती हो गई तो उसने ये जानकारी युवक को दी। युवक ने किशोरी से एबार्शन कराने को कहा। मामला विजातीय होने के बाद भी किशोरी युवक पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। आरोप है कि चार दिन पहले शौच गई किशोरी को वह जबरन उठा ले गया और ढखेरवा के धौरहरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में उसका एबार्शन करा कर उसे गांव के बाहर छोड़ दिया। किशोरी ने घर जाकर पूरे मामले से अपने परिवार वालों को अवगत कराया। परिवार वाले मामले की शिकायत लेकर युवक के घर गए। आरोप है कि युवक के परिवार वालों ने गाली गलौज करते हुए उसे वहां से भगा दिया। किशोरी के पिता ने मामले की शिकायत एसओ मनोज सिंह से की। एसओ ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। एसओ ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर एबार्शन करने वाले अस्पताल की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया जांच में ढखेरवा में तीन अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे हैं। एबार्शन करने वाले अस्पताल और संचालक को चिह्नित कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।