खुशी की जगह मची चीख पुकार, अपनों की चिंता में सीएचसी पहुंचे लोग
दुल्हन को लेकर वापस आ रही घर वालों से भरी प्राइवेट बस महेशपुर गांव के पास रोड के नीचे पलट गई। जिसमें एक की मौत हो गई है, जबकि 44 बराती गंभीर घायल हो गए हैं। घायलों को गोला और मोहम्मदी सीएचसी भर्ती कराया गया, जिनमें से 12 लोगों की हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के साहबगंज कालोनी निवासी बिरजू के बेटे अमरपाल की शादी थी। बारात बुधवार की शाम प्राइवेट बस यूपी 32जेड/ 2454 से फरधान थाना क्षेत्र के ग्राम देवकली ठग्गू सिंह के यहां गई थी। रात में शादी निपटाकर बाराती बस में सवार होकर देवकली से साहबगंज आ रहे थे। बस जैसे ही महेशपुर के समीप पहुंची वैसे ही बस का अगले दाहिने पहिये का पटा टूट गया। चालक कुछ समझ पाता तब तक बस असंतुलित होकर रोड के नीचे जाकर यूकेलिप्टिस से टकराकर तेज आवाज के साथ पलट गई और बस में चीख पुकार मच गई। धमाका होते ही महेशपुर, बगचन, गनेशपुर, गौरीगंज, कन्हैयागंज के तमाम ग्रामीण मौके पर आकर बचाव कार्य में जुट गए। उधर एसओ हैदराबाद पीके मिश्रा, इंस्पेक्टर गोला एसएन द्विवेदी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे घायलों को शीशे तोड़कर बाहर निकलवाकर 108 एंबुलेंस, टैंपो, मैजिकों से सीएचसी गोला और मोहम्मदी भेजवाया। इस हादसे में पुरुष महिलाओं, बच्चों समेत करीब 45 लोग घायल हुए जो सभी साहबगंज के हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
फरधान थाना क्षेत्र के ग्राम देवकली से बारात लेकर अनियंत्रित बस के पेड़ से टकराने उसका अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने बस में फंसे लोगों को शीशे तोड़कर बाहर निकालकर एंबुलेंस, मैजिक, टेपों आदि से सीएचसी गोला और मोहम्मदी भिजवाया। बस में सवार एक बाराती नारायनलाल (30) निवासी साहबगंज की मौत हो गई है।
ममरी। बस में फंसे घायलों को बाहर निकालने और बचाव कार्य में गोला मोहम्मदी मार्ग का यातायात घंटो बाधित रहा। घटनास्थल के दोनों तरफ वाहनों की जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन मशीन और दो जेसीबी मशीनें बुलवाकर जैसे तैसे पलटी बस को सीधा कराया। तब कहीं जाकर एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रोड का यातायात सुचारू हो पाया। इस मौके पर वहां हजारों की तादाद में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। रोड का जाम खुलने के बाद बचाव कार्य में लगे ग्रामीणों को इंस्पेक्टर एसएन द्विवेदी, एसओ प्रमोद कुमार मिश्र ने धन्यवाद दिया है।
ये हुए हैं घायल
ममरी। डल सिंह(32), अमरपाल(16), केशकुमार (3न5), ज्ञानू(5), सुचित(20), दाताराम(50), अंकित कुमार(25), संदीप(18), आर्स(6), ममता देवी(35), बनीद(20), कुमकुम(10), आश्वा(16), जितेंद्र(12), अमरेज(11), रुकमनी(16), मुनव्वर(65), राज कुमार(35), दाताराम, मंजू, नंदनी(12), सुमेधा(16), अंजना(15), सांवली(13), रितु(75), शेरसिंह(16), आर्यन(12), सविता(13), सोनम(18), सलोनी(10), खुशी(8), मोनू(12), राजाबाबू(8), नंदकुमार, सुरेश(50) बस पलटने से घायल हुए हैं।